Muhurat Trading 2026: मुहूर्त ट्रेडिंग शेयर बाजार की सालों पुरानी परंपरा है. दिवाली के दिन आयोजित होने वाले इस विशेष सत्र को निवेश के लिहाज से शुभ माना जाता है. कई निवेशक इस मौके पर नए शेयर खरीदकर अपने निवेश की शुरुआत करते हैं. मुहूर्त ट्रेडिंग की वजह से इस बार रविवार को भी शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने 8 नवंबर 2026 को मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन करने का फैसला किया है. इस दौरान निवेशकों को शेयरों की खरीद-बिक्री का मौका मिलेगा. एक्सचेंजों ने इसके लिए समय भी तय कर दिया है. आइए जानते हैं मुहूर्त ट्रेडिंग कब होगी और इसका पूरा शेड्यूल क्या है.
8 नवंबर को होगी मुहूर्त ट्रेडिंग
इस साल दिवाली के मौके पर रविवार (8 नवंबर) को मुहूर्त ट्रेडिंग होगी. आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार में कारोबार नहीं होता है, लेकिन दिवाली पर हर साल विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाता है. इस परंपरा के तहत निवेशक शुभ मुहूर्त में शेयर खरीदना पसंद करते हैं. इसे नए संवत यानी हिंदू नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक भी माना जाता है.
दोपहर 2:20 बजे शुरू होगी ट्रेडिंग
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के मुताबिक, 8 नवंबर को मुहूर्त ट्रेडिंग का मुख्य सत्र दोपहर 2:20 बजे से शुरू होगा और 3:30 बजे तक चलेगा. इससे पहले दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक प्री-ओपन सेशन होगा यानी निवेशकों को मुख्य कारोबार शुरू होने से पहले भी ऑर्डर लगाने का मौका मिलेगा.
10 नवंबर को बंद रहेगा बाजार
निवेशकों को एक और तारीख का ध्यान रखना चाहिए. मंगलवार, 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा के मौके पर शेयर बाजार में नियमित कारोबार बंद रहेगा. ऐसे में 8 नवंबर को होने वाली मुहूर्त ट्रेडिंग इस सप्ताह निवेशकों के लिए खास मौका होगी.
(डिस्क्लेमर: सिर्फ शुभ मुहूर्त में निवेश करने से मुनाफे की गारंटी नहीं मिलती. शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है. निवेश से जुड़े फैसले करने से पहले अपने एडवाइजर से सलाह जरूर लें.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं