आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की रेस में आगे निकलने के लिए टेक सेक्टर की दिग्गज कंपनी मेटा (Meta) एक बड़ा दांव खेलने जा रही है. मार्क जुकरबर्ग की कंपनी अब अपने खर्चों को कम करने और एआई (AI) से ज्यादा काम लेने की तैयारी में है, जिसका सीधा असर वहां काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ने वाला है.
मेटा में छंटनी का नया दौर, 8,000 कर्मचारियों पर गिरेगी गाज
फेसबुक-इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा ने अपने कुल वर्कफोर्स (Workforce) में से 10 प्रतिशत कर्मचारियों को निकालने की योजना बनाई है. सूत्रों के मुताबिक, अगले महीने कंपनी लगभग 8,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी और हजारों खाली पदों को भी नहीं भरा जाएगा. मार्क जुकरबर्ग का लक्ष्य अब बचे हुए कर्मचारियों से एआई (AI) की मदद लेकर ज्यादा प्रोडक्टिविटी हासिल करना है.
सुपरइंटेलिजेंस की रेस और भारी खर्च
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग इस वक्त गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और ओपनएआई जैसे कॉम्पीटीटर को पछाड़ने के लिए 'सुपरइंटेलिजेंस' डेवलप करने पर फोकस कर रहे हैं. इस साल मेटा ने अपना कैपिटल एक्सपेंडिचर (Capital Expenditure) 115 बिलियन से 135 बिलियन डॉलर के बीच रहने का अनुमान लगाया है. इसमें डेटा सेंटर्स और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला भारी खर्च शामिल है.
जुकरबर्ग का कहना है कि वे 2026 में पूरी दुनिया के लिए पर्सनल सुपरइंटेलिजेंस को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं.
माइक्रोसॉफ्ट में भी हलचल, वॉलंटरी बायआउट का प्लान
छंटनी की खबरें सिर्फ मेटा तक सीमित नहीं हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) भी अपने कर्मचारियों की संख्या कम करने की कोशिश कर रही है. माइक्रोसॉफ्ट कुछ अमेरिकी कर्मचारियों के लिए 'वॉलंटरी बायआउट' ( Microsoft Voluntary Buyout) का ऑफर ला रही है. इसमें वे सीनियर डायरेक्टर लेवल या उससे नीचे के कर्मचारी पात्र होंगे, जिनकी उम्र और काम के सालों का जोड़ 70 या उससे ज्यादा है.
माइक्रोसॉफ्ट ने भी एआई पर अरबों डॉलर निवेश किए हैं, हालांकि छंटनी पर उन्होंने अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
एआई (AI) बढ़ाएगा मुनाफा, कम करेगा काम का बोझ?
वेडबश एनालिस्ट डैन इवेस के मुताबिक, मेटा अब उन कामों को ऑटोमेट करने के लिए एआई टूल्स का इस्तेमाल कर रही है जिनके लिए पहले बड़ी टीमों की जरूरत होती थी. इससे कंपनी के ऑपरेशंस आसान होंगे और लागत में कमी आएगी. मेटा ने कोडिंग और अन्य कामो के लिए एआई एजेंट्स (AI Agents) का उपयोग करने के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित करना भी शुरू कर दिया है.
मेटा के खर्च में 40%की भारी बढ़ोतरी
मेटा की हालिया अर्निंग रिपोर्ट (Meta Earnings Report) के अनुसार, कंपनी का खर्च पिछले साल की तुलना में 40 प्रतिशत बढ़कर 35.15 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. इसमें से 22.14 बिलियन डॉलर सिर्फ एआई को पावर देने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किए गए हैं. अगले हफ्ते मेटा और माइक्रोसॉफ्ट दोनों अपने तिमाही नतीजे (Microsoft Quarterly Earnings) पेश करने वाले हैं, जिस पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी.














