Market Closing after Budget 2026: 1 फरवरी, 2026 रविवार का दिन होने के बाद भी शेयर बाजार बजट के लिए खुला था. लेकिन क्लोजिंग बेल बजते-बजते दलाल स्ट्रीट पर मायूसी ही नजर आई. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश के सामने बजट 2026 रखा. इसमें टैक्स से जुड़े कुछ ऐसे ऐलान हुए, जिन्होंने बाजार की चाल को सुस्त कर दिया. बाजार की शुरुआत तो बढ़त के साथ हुई थी, लेकिन भाषण खत्म होते-होते सेंसेक्स और निफ्टी ताश के पत्तों की तरह ढह गए.
बाजार का हाल
बजट डे के उतार-चढ़ाव वाले सेशन में बाजार ने भारी बिकवाली का सामना किया. सेंसेक्स 1,843.43 अंक की भारी गिरावट के साथ 80,722.94 के लेवल पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 593.45 अंक टूटकर 24,825 के स्तर तक चला गया.
बाजार की गिरावट के 3 बड़ी बजह
- STT की स्ट्राइक
ट्रेडर्स के लिए सबसे बड़ा झटका Securities Transaction Tax (STT) में इजाफा रहा. सरकार ने फ्यूचर्स पर STT को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% और ऑप्शंस पर 0.1% से बढ़ाकर 0.15% कर दिया है. इससे ट्रेडिंग की कॉस्ट काफी बढ़ गई है.
- बायबैक पर टैक्स का चाबुक
बजट में बताया गया कि कंपनियों को शेयर बायबैक से मिलने वाली रकम को कैपिटल गेन मानकर उस पर टैक्स लगाया जाएगा. इससे वे निवेशक नाराज दिखे जो टैक्स बचाने के लिए बायबैक का सहारा लेते थे.
- मिडिल क्लास की मायूसी
इनकम टैक्स स्लैब में कोई बड़ा बदलाव न होने से कंजम्पशन बढ़ने की उम्मीदें धरी की धरी रह गई, जिसका असर एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों पर दिखा.
इन सेक्टर्स में दिखी बड़ी गिरावट
बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में निफ्टी बैंक 2% से ज्यादा टूटा. HDFC बैंक और कोटक बैंक जैसे दिग्गजों में भारी बिकवाली रही. इसके साथ ही डिफेंस में फंड बढ़ाया गया, जिसके बाद मुनाफावसूली देखी गई. सोना-चांदी की गिरती कीमतों की वजह से मेटल सेक्टर पर सबसे ज्यादा असर देखा गया. हिंदुस्तान कॉपर और हिंदुस्तान जिंक जैसे शेयर 19-21% तक लुढ़क गए.
IT और फार्मा ने दिया सपोर्ट
बाजार में सिर्फ IT और फार्मा सेक्टर मजबूती में दिखाई दिए. सरकार के बायोफार्मा सेक्टर में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश और आईटी नियमों में ढील के ऐलान से इन सेक्टर्स में खरीदारी देखी गई.














