LPG Gas Agency Distributorship Applying Process Full Details: पश्चिम एशिया में छिड़े युद्ध के बीच कई देशों में LPG की किल्लत हो गई है. भारत में स्थिति नियंत्रण में है और देश में LPG सिलेंडर की कमी न हो, इसके लिए सरकार ने एक्शन प्लान लागू कर दिया है. तेल मार्केटिंग कंपनियों इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम को सरकार ने आदेश दिया है कि घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानी न हो. गैस एजेंसियों के माध्यम से लोगों को आपूर्ति की जाती है और हमेशा LPG सिलेंडर की डिमांड बनी रहती है. इंडेन (Indane Gas- IOCL), भारत गैस (Bharat Gas- BPCL), एचपी गैस (HPCL) की एजेंसी खोलकर बहुत से लोग अच्छी कमाई कर रहे हैं. अगर आप भी ऐसे बिजनेस की तलाश रहे हैं, जिसमें डिमांड लगातार बनी रहे और हर महीने मोटी कमाई होती रहे, तो LPG गैस एजेंसी (LPG Distributorship) एक शानदार बिजनेस साबित हो सकता है.
फिलहाल गैस एजेंसी खोलने पर बात करते हैं. इसको लेकर लोगों के मन में कई सवाल हो सकते हैं, जैसे कि एजेंसी/डिस्ट्रिब्यूटरशिप कैसे मिलेगी, कहां कैसे आवेदन करना होगा, कितनी पूंजी लगेगी और सबसे अहम बात कि इससे कमाई कितनी होगी. ये तमाम जानकारियां हम मोटा-मोटी आसान भाषा में समझा दे रहे हैं.
कौन-सी कंपनियां देती है गैस एजेंसी?
देश में तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप देती हैं:
- इंडियन ऑयल - Indian Oil Corporation Limited (Indane)
- भारत पेट्रोलियम - Bharat Petroleum Corporation Limited (Bharat Gas)
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम - Hindustan Petroleum Corporation Limited (HP Gas)
ये कंपनियां समय-समय पर विज्ञापन जारी कर नए डिस्ट्रीब्यूटर चुनती हैं.
गैस एजेंसी के लिए आवेदन कैसे करें?
गैस एजेंसी के लिए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल https://www.lpgvitarakchayan.in पर किया जा सकता है. संबंधित कंपनियों की वेबसाइट पर भी जानकारी मिल जाती है. चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है.
- आवेदन जांच
- इंटरव्यू
- दस्तावेज सत्यापन
- फील्ड वेरिफिकेशन
अगर एक क्षेत्र में कई उम्मीदवार योग्यता पूरी करते हों, तो चयन के लिए लकी ड्रॉ का भी सहारा लिया जा सकता है.
जमीन और लाइसेंस से जुड़ी शर्तें
- हर मौसम में पहुंच योग्य सड़क जरूरी
- LPG सिलेंडर स्टोर करने के लिए सुरक्षित गोदाम
- जमीन खुद की हो या कम से कम 15 साल की लीज पर
- चयन के बाद गोदाम खुद बनवाना होगा
- OMC की टीम जमीन और दस्तावेजों की जांच करती है.
LPG एजेंसी के लिए कौन कर सकता है आवेदन?
- भारतीय नागरिक हों
- न्यूनतम 10वीं पास होने चाहिए
- उम्र 21 से 60 साल के बीच हो
- परिवार का कोई सदस्य OMC यानी तेल मार्केटिंग कंपनिों में कार्यरत न हो
- आवेदन शुल्क अधिकतम ₹10,000 है (नॉन-रिफंडेबल).
सरकार ने अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण भी तय किया है. अनुसूचित जाति, जनजाति, पूर्व सैनिक, स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रीय खिलाड़ी और दिव्यांग उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलती है.
गांव में भी LPG गैस एजेंसी खोलने पर होगी तगड़ी कमाई
Photo Credit: AI Generated Image
LPG सिलंडर की एजेंसी खोलने में कितने पैसे लगेंगे?
गैस एजेंसी शुरू करने में 15 से 30 लाख रुपये तक का शुरुआती निवेश लग सकता है. इसमें कई चीजें शामिल होती हैं, जैसे-
- सिक्योरिटी डिपॉजिट
- गोदाम और ऑफिस निर्माण या किराया
- कंप्यूटर, प्रिंटर, वजन मशीन
- डिलीवरी वाहन
अच्छी बात यह है कि कई बैंक इस बिजनेस के लिए लोन भी देते हैं. अब आते हैं असली सवाल पर.
गैस एजेंसी खोलने पर कितनी कमाई होगी?
डिस्ट्रीब्यूटर को प्रति 14.2 किलो सिलेंडर पर करीब 75 से 80 रुपये का कमीशन मिलता है, जिसमें डिलीवरी चार्ज भी शामिल है. ये कमीशन अलग-अलग भी हो सकता है.
- अब मान लीजिए कि अगर कोई एजेंसी महीने में 3,000 सिलेंडर सप्लाई करती है तो कमीशन हो जाएगा-
- 3,000 × ₹80 = ₹2,40,000
- इसमें से खर्च (स्टाफ, ईंधन, किराया आदि) निकालने के बाद भी ₹60,000–70,000 तक बचत संभव है.
शहरों की बात करें तो कई डिस्ट्रीब्यूटर रोज 500 सिलेंडर तक यानी महीने में 15,000 सिलेंडर डिलीवर करते हैं. ऐसे में उनका कमीशन बनेगा-
- 15,000 × ₹80 = ₹12,00,000
- इसमें खर्च निकालने के बाद भी 4-5 लाख रुपये मासिक मुनाफा भी संभव है.
- इसके अलावा नए कनेक्शन पर कमीशन, गैस स्टोव, रेगुलेटर और पाइप बिक्री से अतिरिक्त आय होती है.
LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप ऐसा बिजनेस है जिसमें मांग की चिंता कम है. लेकिन शुरुआत में मोटा निवेश, कागजी प्रक्रिया और नियमों का पालन जरूरी है. देश में LPG की मांग हर साल 5–6% की दर से बढ़ रही है, इसलिए यह बिजनेस स्थिर और बढ़ती कमाई वाला माना जाता है. सही लोकेशन और अच्छी सेवा के साथ यह बिजनेस लंबे समय तक स्थिर कमाई दे सकता है.
FAQ_EMBED
ये भी पढ़ें: नोएडा, गाजियाबाद समेत पूरे UP में ओला-उबर के बदलेंगे नियम, अब सुरक्षा ज्यादा, किराया कम














