India-US Trade Deal: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील देश के छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए गेम चेंजर साबित होने वाला है. दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद और कैट (CAIT) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने इस समझौते को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया है. साथ ही उन्होंने कहा इस समझौते से भारत के एमएसएमई सेक्टर को अमेरिकी बाजार में व्यापार के व्यापक और नए अवसर प्राप्त होंगे.
खंडेलवाल ने आगे बताया, "इस व्यापार समझौते से टेक्सटाइल और अपैरल, लेदर और फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी बाजार को मजबूती मिलेगी. साथ ही जेनेरिक फार्मास्यूटिकल्स, ऑटो और एयरक्राफ्ट पार्ट्स, केमिकल्स, प्लास्टिक और रबर उत्पाद, होम डेकोर, हैंडीक्राफ्ट तथा चुनिंदा इंजीनियरिंग उत्पादों जैसे प्रमुख भारतीय क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा."
उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह समझौता MSME सेक्टर को एक मजबूती देता है, जो भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. निर्यात के बढ़े हुए अवसर MSMEs को उत्पादन बढ़ाने, वैश्विक स्तर पर विस्तार करने और विशेष रूप से युवाओं एवं महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में सक्षम बनाएंगे. साथ ही, यह मेक इन इंडिया पहल को मजबूती देते हुए भारतीय उद्यमों को वैश्विक वैल्यू चेन से और गहराई से जोड़ेगा.














