क्या आपको भी मिला गलत एडवांस टैक्स का ईमेल? खोलने से पहले टैक्स डिपार्टमेंट की ये बात जान लें

Advance Tax Reminder Mail: आयकर विभाग ने टैक्सपेयर्स से इन ईमेल को नजरअंदाज करने और सही जानकारी के लिए कंप्लायंस पोर्टल चेक करने की सलाह दी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

अगर आपको इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से गलत एडवांस टैक्स भरने का कोई ईमेल आया है, जिसे देखकर आपके होश उड़ रहे हैं तो परेशान ना हों. इसके बारे में आयकर विभाग की तरफ से बड़ा अपडेट दिया गया है. विभाग ने इन सभी मेल को नजरअंदाज करने को कहा है.

क्या है पूरा मामला?

पिछले कई दिनों से कई टैक्सपेयर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को आयकर विभाग की तरफ से 'नज' ईमेल आ रहे थे. इन ईमेल में कहा गया था कि उन्होंने जितना एडवांस टैक्स भरा है, वो उनके फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन से मेल नहीं खा रहा है. इसके अलावा इन ईमेल में उस साल किए गए कुछ बड़े ट्रांजैक्शन का भी जिक्र था. लेकिन कई टैक्सपेयर्स और सीए का कहना था कि ईमेल में जिन ट्रांजैक्शन का ज़िक्र है, वो उन्होंने कभी किए ही नहीं हैं. यानी ईमेल में दी गई कई जानकारियां गलत थीं. जब इस बारे में बहुत शिकायतें मिलने लगीं तो आयकर विभाग ने इस मामले पर अपनी सफाई दी.

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने क्या कहा?

आयकर विभाग ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ लोगों को फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के एडवांस टैक्स से जुड़े ईमेल गलत जानकारी के साथ भेजे गए थे. विभाग ने कहा कि करदाताओं ने इसके बारे में बताकर सही किया. इसके लिए वो उनका धन्यवाद करते हैं और हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगते हैं.

विभाग अभी अपने सर्विस प्रोवाइडर के साथ मिलकर इस तकनीकी समस्या को ठीक कर रहा है. विभाग ने साफ कहा कि जब तक समस्या पूरी तरह ठीक नहीं होती तब तक टैक्सपेयर्स इस मामले से जुड़े सभी ईमेल को नजरअंदाज करें.

Advertisement

टैक्सपेयर्स को दी ये सलाह

विभाग ने बताया कि ऐसे ईमेल केवल एक तरह के रिमाइंडर होते हैं, जिनका काम करदाताओं को अपने लेन-देन की जानकारी का रिव्यू करना और जरूरत पड़ने पर एडवांस टैक्स का सही तरीके से पालन करने में मदद करना है. साथ ही करदाताओं को सलाह दी गई है कि वो अपने ट्रांजैक्शन्स की सही जानकारी देखने के लिए ई-फाइलिंग पोर्टल पर मौजूद कंप्लायंस पोर्टल के ई-कैंपेन टैब में जाकर स्टेटमेंट चेक कर सकते हैं.

Featured Video Of The Day
Manmeet Soni की दिल छू लेने वाली Poems! | कविता आज की - NDTV Creators Manch 2026 | Poems