Crude Oil Processing and Petrol-Diesel Production Process: अक्सर आप और हम जब पेट्रोल पंप पर अपनी कार या बाइक की टंकी फुल करवा रहे होते हैं तो हमारा ध्यान सिर्फ मीटर पर होता है. कारण कि मीटर जितना भागेगा, जेब से पैसे भी उतने ज्यादा लगेंगे. आप ये तो जानते होंगे कि पेट्रोल या डीजल, क्रूड ऑयल से तैयार होता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि धरती की गहराइयों से निकला चिपचिपा काला कच्चा तेल (Crude Oil) आपकी कार-बाइक के इंजन के लिए कैसे एनर्जी का सोर्स बन जाता है? इस 'काले सोने' की यात्रा जितनी रोमांचक है, इसका गणित उतना ही जटिल. क्रूड ऑयल, जो कि काले गाढ़े कीचड़ के रूप में निकलता है, उससे पेट्रोल-डीजल तैयार होने तक एक लंबी प्रक्रिया है और दूसर महत्वपूर्ण बात ये कि क्रूड ऑयल से केवल पेट्रोल, डीजल, केरोसिन ही नहीं बनता, बल्कि इसमें और भी कई सारी चीजें निकलती हैं. नीचे इसे एक बैरल के हिसाब से समझेंगे.
तीन चरणों में 'काले सोने' का सफर
कच्चे तेल की यह यात्रा मुख्य रूप से तीन चरणों में पूरी होती है.
- अपस्ट्रीम (खोज और उत्पादन): यह यात्रा का शुरुआती बिंदु है. यहां भूवैज्ञानिक और इंजीनियर जमीन के नीचे या समुद्र के भीतर तेल के भंडारों की खोज करते हैं और ड्रिलिंग के जरिए कच्चे तेल को बाहर निकालते हैं.
- मिडस्ट्रीम (परिवहन और भंडारण): निकाला गया कच्चा तेल सीधा इस्तेमाल नहीं हो सकता. इसे पाइपलाइनों, विशाल जहाजों (टैंकरों) और ट्रकों के जरिए रिफाइनरियों तक सुरक्षित पहुंचाया जाता है.
- डाउनस्ट्रीम (रिफाइनिंग और बिक्री): यह अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण चरण है. रिफाइनरियों में कच्चे तेल को अलग-अलग तापमान पर उबाला जाता है (Fractional Distillation), जिससे पेट्रोल, डीजल और अन्य उत्पाद प्राप्त होते हैं. अंत में, ये उत्पाद पेट्रोल पंपों और खुदरा विक्रेताओं तक पहुंचते हैं.
एक बैरल कच्चे तेल का गणित
वैश्विक बाजार में तेल की माप 'बैरल' में होती है. 1 बैरल का मतलब होता है करीब-करीब 159 लीटर कच्चा तेल. रिफाइनिंग की प्रक्रिया के बाद इस 159 लीटर से निकलने वाले उत्पादों का अनुमानित हिसाब कुछ ऐसा होता है.
- पेट्रोल (Gasoline): 43% (करीब 68 लीटर) - एक बैरल का सबसे बड़ा हिस्सा आपकी कारों और बाइकों को चलाने के काम आता है.
- डीजल (Diesel): 23% - भारी वाहनों, ट्रकों और औद्योगिक इंजनों का मुख्य आधार.
- जेट फ्यूल (Jet Fuel): 9% - विमानों को आसमान की ऊंचाई तक ले जाने वाला ईंधन.
- अन्य उत्पाद (12%): इसमें लुब्रिकेंट्स, वैक्स और एलपीजी जैसे उत्पाद शामिल हैं.
- पेट्रोकेमिकल फीडस्टॉक्स: 2% - यह प्लास्टिक, दवाओं और सिंथेटिक कपड़ों के निर्माण का आधार है.
- पेट्रोलियम कोक (5%): लोहे और सीमेंट उद्योगों में ईंधन के रूप में उपयोग.
- भारी/मैरीन फ्यूल (4%): विशाल समुद्री जहाजों के लिए ईंधन.
- डामर/कोलतार (2%): सड़कों के निर्माण के लिए जरूरी 'एस्फाल्ट'.
अब आप समझ गए होंगे कि कच्चे तेल का एक बैरल सिर्फ ईंधन ही नहीं, बल्कि हमारी लाइफ का आधार है. सड़क बनाने से लेकर मोबाइल फोन के प्लास्टिक तक, 'काले सोने' का ये सफर, हमारी रोजमर्रा का हिस्सा होकर हमारे लाइफ को सुगम बनाती है.
ये भी पढ़ें: New Labour Code लागू होता तो नोएडा में नहीं होता मजदूरों का बवाल, समझिए कैसे ये कानून है 'रामबाण' इलाज














