Passport Ranking: भारतीय पासपोर्ट की ग्लोबल रैंकिंग में जबरदस्त सुधार हुआ है. इसने हेनली पासपोर्ट इंडेक्स (Henley Passport Index) में जबरदस्त छलांग लगाई है. दुनिया के सबसे ताकतवर पासपोर्ट्स की रैंकिंग दिखाने वाली इस सूची में भारतीय पासपोर्ट 10 पायदान ऊपर चढ़कर 75वें नंबर पर पहुंच गया है. पिछले साल भारतीय पासपोर्ट इस रैंकिंग में 85वें नंबर पर था. 10 पायदान की छलांग का सीधा मतलब है कि अब भारतीय लोगों को विदेश यात्रा में पहले से बेहतर सुविधा मिल रही है और अब ज्यादा देशों में उन्हें वीजा फ्री एंट्री मिल रही है या फिर वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा मिल रही है.
बिना वीजा कर सकते हैं 56 देशों की यात्रा
भारतीय, विदेश यात्राओं के शौकीन रहे हैं और उनके लिए ये अच्छी खबर है कि अब ज्यादा देश उन्हें वीजा-फ्री या वीजा-ऑन-अराइवल की सुविधा दे रहे हैं. ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारतीय पासपोर्ट के साथ आप अब 56 देशों में बिना पहले से वीजा लिए यात्रा कर सकते हैं. यानी उन्हें वीजा-फ्री एंट्री मिलेगी या फिर विदेश पहुंचने के बाद उन्हें वीजा दिया जाएगा.
हेनली पासपोर्ट इंडेक्स पासपोर्टों को इस आधार पर रैंक करता है कि उनके धारक कितने देशों में बिना वीजा प्रवेश कर सकते हैं. रैंक जितनी ऊंची होती है, उस देश के नागरिकों के लिए वैश्विक स्तर पर यात्रा करना उतना ही आसान माना जाता है.
2006 में रही थी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग, 71वें नंबर पर था भारत
इस साल की छलांग बहुत पॉजिटिव है, लेकिन लंबे समय में भारतीय पासपोर्ट का प्रदर्शन उतार–चढ़ाव भरा रहा है. बीते साल की तुलना में यह मजबूत हुआ है, लेकिन अब भी अपने सर्वोच्च स्तर पर नहीं पहुंचा है. भारतीय पासपोर्ट की अब तक की सबसे बेहतर रैंकिंग 71वीं रही है, जो 2006 में दर्ज की गई थी.
हाल के वर्षों में भारत 2024 में 80वें स्थान पर और उसके बाद 85वें स्थान तक फिसल गया था, जिससे साफ दिखा कि ताज़ा सुधार से पहले भारतीयों की यात्रा पहुंच कितनी सीमित हो गई थी.
सिंगापुर शीर्ष पर, टॉप-10 में ये देश शामिल
वैश्विक सूची में सबसे ऊपर सिंगापुर है, जिसका पासपोर्ट 192 गंतव्यों में वीजा-फ्री प्रवेश की सुविधा देता है. दूसरे नंबर पर जापान और दक्षिण कोरिया संयुक्त रूप से हैं, जिनके नागरिक 187 देशों में जा सकते हैं. तीसरे स्थान पर स्वीडन और संयुक्त अरब अमीरात हैं, जहां के पासपोर्ट 186 गंतव्यों तक पहुंच देते हैं.
फ्रांस, जर्मनी, इटली, स्पेन और स्विट्जरलैंड जैसे कई यूरोपीय देश चौथे स्थान पर हैं और इनके पासपोर्ट से 185 स्थानों पर बिना वीजा यात्रा की जा सकती है. इसके बाद ऑस्ट्रिया, ग्रीस, माल्टा और पुर्तगाल पांचवें स्थान पर हैं, जिनके नागरिक 184 देशों में जा सकते हैं.
अन्य मजबूत पासपोर्ट वाले देशों में ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन), कनाडा और न्यूजीलैंड शामिल हैं. ये सभी देश अपनी व्यापक वैश्विक यात्रा पहुंच की वजह से टॉप 10 में जगह बनाए हुए हैं.
Source: Henley Passport Index Report














