अगर आप एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) के ग्राहक हैं, तो अपनी जेब थोड़ी ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए. बैंक ने अपने ग्राहकों को एक साथ दो बड़े झटके दिए हैं. 1 अप्रैल 2026 से बैंक के लॉकर का किराया काफी बढ़ने वाला है और साथ ही एटीएम से यूपीआई (UPI) के जरिए कैश निकालना भी महंगा हो जाएगा. बैंक ने इन सर्विस के लिए नई दरें और नियम जारी कर दिए हैं.
लॉकर चार्ज में 184% तक की भारी बढ़ोतरी
एचडीएफसी बैंक ने अपने लॉकर चार्ज में बड़ा बदलाव किया है और 'मेट्रो प्लस' नाम की एक नई कैटेगरी पेश की है. 1 अप्रैल 2026 से लॉकर का चार्ज 184% तक बढ़ जाएगा. उदाहरण के तौर पर, मेट्रो शहरों में जिस एक्स्ट्रा स्मॉल लॉकर का किराया पहले 1,350 रुपये था, वह अब 3,300 रुपये हो जाएगा. इसी तरह शहरी इलाकों में स्मॉल साइज लॉकर के दाम 1,650 रुपये से बढ़कर सीधे 4,000 रुपये पहुंच जाएंगे. यह किराया सालाना तौर पर और एडवांस में लिया जाएगा, जिस पर 18% जीएसटी (GST) अलग से देना होगा.
लॉकर के लिए आधार बायोमेट्रिक हुआ जरूरी
बैंक ने सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए लॉकर एक्सेस करने के नियमों को भी सख्त कर दिया है. अब किसी भी ग्राहक को अपना लॉकर खोलने से पहले आधार कार्ड से जुड़ा बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराना अनिवार्य होगा. बैंक के सीनियर अधिकारियों के अनुसार, कई बैंकों में हुई चोरी की घटनाओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि ग्राहकों का कीमती सामान पूरी तरह सुरक्षित रहे.
ATM से UPI कैश निकालना अब नहीं होगा फ्री
लॉकर के साथ-साथ बैंक ने एटीएम (ATM) नियमों में भी बदलाव किया है. अब यूपीआई के जरिए एटीएम से कैश निकालना आपके महीने की फ्री एटीएम ट्रांजैक्शन लिमिट में गिना जाएगा. यानी अगर आप क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन करके कैश निकालते हैं, तो उसे एक सामान्य एटीएम कैश विड्रॉल ही माना जाएगा. यह नियम 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा.
फ्री लिमिट खत्म होने पर लगेगा भारी जुर्माना
एचडीएफसी बैंक अपने ग्राहकों को महीने में 5 फ्री ट्रांजैक्शन देता है. अगर आप एक महीने में अपनी फ्री लिमिट से ज्यादा बार यूपीआई या कार्ड से कैश निकालते हैं, तो आपको हर बार 23 रुपये और लागू टैक्स का भुगतान करना होगा. बैंक के अनुसार, मेट्रो शहरों के दूसरे बैंकों के एटीएम पर 3 और नॉन-मेट्रो शहरों के एटीएम पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती रहेगी. हालांकि, कुछ खास करेंट अकाउंट जैसे बिज लाइट+ और बिज मैक्स पर अनलिमिटेड फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा जारी रहेगी.














