Gold and Silver Price Outlook: अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है. इस हफ्ते सोने और चांदी दोनों की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. इस हफ्ते सोना ₹2,200 और चांदी करीब ₹5000 सस्ती हुई है. ऐसे में जो लोग सोने या चांदी में निवेश करना चाहते हैं उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अब सोने- चांदी के भाव और गिरेंगे या फिर यहां से रिकवरी शुरू होगी?
आइए जानते हैं इस हफ्ते सोना-चांदी कितना सस्ता हुआ, आज अलग-अलग शहरों में क्या रेट चल रहे हैं, MCX और COMEX पर गोल्ड-सिल्वर का का हाल कैसा है और एक्सपर्ट आगे किस रेंज की उम्मीद कर रहे हैं.
सोना हुआ ₹2,200 सस्ता, चांदी ₹4,900 से ज्यादा टूटी
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते सोने और चांदी दोनों में गिरावट दर्ज की गई.
- 24 कैरेट सोना इस हफ्ते ₹2,209 सस्ता होकर ₹1,41,159 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इससे पहले इसका भाव ₹1,43,368 प्रति 10 ग्राम था.
- 22 कैरेट सोना ₹1,31,325 से घटकर ₹1,29,302 प्रति 10 ग्राम पर आ गया.
- 18 कैरेट सोने का भाव भी ₹1,07,526 से गिरकर ₹1,05,869 प्रति 10 ग्राम हो गया.
वहीं, चांदी की कीमत में भी बड़ी गिरावट आई. इस हफ्ते चांदी ₹4,917 सस्ती होकर ₹2,15,474 प्रति किलो रह गई. इससे पहले इसका भाव ₹2,20,390 प्रति किलो था.
IBJA के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने का सबसे ऊंचा भाव 13 जुलाई की सुबह ₹1,42,289 प्रति 10 ग्राम रहा.वहीं, सबसे निचला भाव 17 जुलाई की शाम ₹1,41,159 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.चांदी का सबसे ऊंचा भाव 15 जुलाई की सुबह ₹2,20,391 प्रति किलो रहा, जबकि सबसे कम भाव 17 जुलाई की शाम ₹2,15,474 प्रति किलो दर्ज किया गया.
आज 18 जुलाई को आपके शहर में 22 और 24 कैरेट सोने भाव
- आज दिल्ली में 24 कैरेट सोना ₹1,42,680 प्रति 10 ग्राम है. 22 कैरेट का भाव ₹1,30,800 और 18 कैरेट का भाव ₹1,07,050 प्रति 10 ग्राम है.
- मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना ₹1,42,530, 22 कैरेट ₹1,30,650 और 18 कैरेट ₹1,06,900 प्रति 10 ग्राम बिक रहा है.
- चेन्नई में 24 कैरेट सोना ₹1,42,910, 22 कैरेट ₹1,31,000 और 18 कैरेट ₹1,09,200 प्रति 10 ग्राम है.
- पटना में 24 कैरेट सोना ₹1,42,580, 22 कैरेट ₹1,30,700 और 18 कैरेट ₹1,06,950 प्रति 10 ग्राम है.
वहीं, लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में 24 कैरेट सोना ₹1,42,680, 22 कैरेट ₹1,30,800 और 18 कैरेट ₹1,07,050 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया.
आज चांदी का क्या रेट है?
आज दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में 100 ग्राम चांदी का भाव ₹23,500 है, जबकि 1 किलो चांदी ₹2,35,000 में बिक रही है.
चेन्नई में 100 ग्राम चांदी ₹24,000 और 1 किलो चांदी ₹2,40,000 है.
MCX पर आगे क्या होगा? एक्सपर्ट से जानिए किस रेंज में रहेगा सोने का भाव
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, MCX गोल्ड इस हफ्ते गिरावट के साथ बंद हुआ, लेकिन ₹1,40,000 के अहम स्तर के आसपास टिकने की कोशिश कर रहा है.अगर सोना ₹1,40,000 के नीचे मजबूती से फिसलता है तो कीमत ₹1,39,300 से ₹1,38,700 के सपोर्ट जोन तक जा सकती है.
वहीं, ऊपर की ओर ₹1,40,700 से ₹1,41,000 पहला रेजिस्टेंस माना जा रहा है. इसके बाद ₹1,42,000 से ₹1,42,700 की रेंज अगला अहम स्तर होगी. अगर इन स्तरों के ऊपर मजबूती मिलती है तो रिकवरी तेज हो सकती है.
क्या चांदी में अभी और सस्ती होगी?
MCX सिल्वर अभी भी दबाव में बनी हुई है.एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ऊपर की तरफ ₹2,17,000 से ₹2,18,000 पहला रेजिस्टेंस है. इसके बाद ₹2,20,000 से ₹2,21,000 की रेंज अहम मानी जा रही है.
अगर भाव ₹2,15,000 से ₹2,14,000 के नीचे निकलते हैं तो चांदी ₹2,11,000 से ₹2,10,000 तक फिसल सकती है.
COMEX Gold और Silver का क्या हाल है?
ग्लोबल मार्केट में भी सोना इस हफ्ते कमजोरी के साथ बंद हुआ और 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर के ऊपर टिके रहने की कोशिश कर रहा है.अगर यह स्तर टूटता है तो कीमत 3,920 से 3,900 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है. वहीं, 4,050 से 4,070 डॉलर के ऊपर मजबूती मिलने पर सोना 4,120 से 4,150 डॉलर प्रति औंस की ओर बढ़ सकता है.
COMEX सिल्वर भी दबाव में बना हुआ है और 55 से 54.50 डॉलर प्रति औंस के सपोर्ट के आसपास कारोबार कर रहा है. अगर यह सपोर्ट टूटता है तो कीमत 53 डॉलर तक जा सकती है. वहीं, 56.50 से 57 डॉलर के ऊपर निकलने पर तेजी लौट सकती है और भाव 59 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकते हैं.
इस हफ्ते सोने-चांदी में क्यों आई गिरावट?
जानकारों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता की वजह से सोना और चांदी दोनों में दबाव देखने को मिला.
क्या अभी और गिरेंगे सोने-चांदी के भाव?
फिलहाल एक्सपर्ट्स का मानना है कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. अगर सोना अपने अहम सपोर्ट स्तर के नीचे निकलता है तो गिरावट और बढ़ सकती है. वहीं, रेजिस्टेंस के ऊपर टिकने पर कीमतों में रिकवरी देखने को मिल सकती है. यानी आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की चाल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले संकेतों पर रहेगी.
ये भी पढ़ें- Business Ideas: गांव में ही कम खर्च में शुरू करें ये 10 सुपरहिट बिजनेस, हर महीने हो सकती है बंपर कमाई