gautam Adani in Bihar: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा है कि बिहार की ताकत यहां के लोग हैं. बिहारी होना अपने आप में गर्व की बात है. हर बिहारी को बिहार में रोजगार मिलना चाहिए. बिहार की सरकार युवा सरकार है और औद्योगीकरण को लेकर सरकार के मिशन में अदाणी ग्रुप पूरा सहयोग करेगा. वो सारण के मस्तीचक में 'अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल- अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज' के उद्घाटन और नए परिसर के भूमिपूजन के लिए बिहार पहुंचे हैं. अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन प्रीति अदाणी और गौतम अदाणी ने बिहार की संस्कृति, यहां के लोगों के जज्बे और राज्य के भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण बातें कहीं.
'बिहार भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान'
मस्तीचक में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने बिहार और यहां के लोगों की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, 'आज बिहार की इस पावन धरती, खासकर मस्तीचक आकर मुझे बहुत खुशी और गौरव महसूस हो रहा है. यह भूमि सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है. यहां गायत्री शक्तिपीठ के दर्शन से मुझे असीम शांति मिली है. व्यक्तिगत तौर पर गायत्री मंत्र का जाप मन को शांति प्रदान करता है और यहां आकर मुझे समाज के लिए कुछ बेहतर करने की नई प्रेरणा मिली है.'
'बिहारी होना गर्व की बात, हर किसी को यहीं मिले रोजगार'
बिहार के युवाओं और यहां के माहौल पर भरोसा जताते हुए उद्योगपति गौतम अदाणी ने कहा कि आज बिहार की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग, उनकी कड़ी मेहनत, सादगी और मजबूत इरादा है. 'बिहारी होना' अपने आप में गर्व की बात है. राज्य के विकास पर बात करते हुए उन्होंने अदाणी ग्रुप की ओर से पूरा सहयोग देने का वादा किया.
सरकार को सहयोग की बात करते हुए उन्होंने कहा, 'बिहार में नया खून है, नया जोश है. मेरा पूरा विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री बिहार के विकास के लिए हर संभव काम करेंगे और अदाणी ग्रुप का यह प्रयास रहेगा कि हम राज्य के इस विकास पथ पर सरकार को अपना पूरा सहयोग दें.'
बेटियों का आत्मविश्वास देख खुश हुईं डॉ. प्रीति अदाणी
इस अवसर पर अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन डॉ प्रीति अदाणी ने अखंड ज्योति अस्पताल के साथ इस नई शुरुआत को ऐतिहासिक बताया. उन्होंने विशेष रूप से वहां मौजूद बेटियों और महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि अदाणी फाउंडेशन और अखंड ज्योति परिवार के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है. मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी की बात यहां इतनी सारी लड़कियों को देखना है. आपके चेहरों की मुस्कान, आपका आत्मविश्वास और सेवा की भावना इस बात का सबूत है कि यहाँ कितना बेहतरीन काम किया जा रहा है. आज से आप सभी के साथ हमारा एक मजबूत रिश्ता शुरू हो गया है.'
मरीजों को बांटे हेल्थ किट
कार्यक्रम के दौरान गौतम अदाणी और प्रीति अदाणी ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखा और उसकी सराहना की. दोनों ने अस्पताल में हाल ही में आंखों के ऑपरेशन कराने वाले मरीजों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें डिस्चार्ज कार्ड के साथ हेल्थ किट सौंपे. अदाणी समूह के इस कदम से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र और खासकर आंखों के इलाज की आधुनिक सुविधाओं को एक नई मजबूती मिलेगी.
ये भी पढ़ें: बिहार में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल में अदाणी आई केयर प्रोजेक्ट का गौतम अदाणी और प्रीति अदाणी ने किया शुभारंभ
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)














