Gautam Adani Meets UP CM Yogi Adityanath: अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की और राज्य के भविष्य को लेकर उनके बड़े विजन की सराहना की. इस मुलाकात के बाद चेयरमैन ने साफ किया कि उनका अदाणी ग्रुप (Adani Group) उत्तर प्रदेश के कायाकल्प में एक बड़ी भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है. गौतम अदाणी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पेश किए गए 'विकसित उत्तर प्रदेश' के रोडमैप को बेहद प्रभावशाली बताया. इस विजन के तहत उत्तर प्रदेश को साल 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर और आजादी के अमृत काल यानी 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा गया है. अदाणी ग्रुप ने इसे यूपी की असली क्षमता की घोषणा बताया है.
इन सेक्टर्स में अदाणी का बड़ा निवेश
अदाणी ग्रुप उत्तर प्रदेश में केवल इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं, बल्कि रक्षा और तकनीक जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी भारी निवेश कर रहा है. कंपनी के निवेश पोर्टफोलियो की बात करें तो इनमें एनर्जी, पावर, एयरपोर्ट, डिफेंस और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर शामिल हैं.
- पावर और एनर्जी: हाल ही में 1,600 मेगावाट बिजली आपूर्ति के लिए 25 साल का समझौता हुआ है.
- एयरपोर्ट: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए 10,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश प्लान है.
- डिफेंस और लॉजिस्टिक्स: रक्षा गलियारे, औद्योगिक पार्क और डेटा सेंटर्स के जरिए राज्य में विकास की नई लहर लाने की तैयारी है.
क्या बोले चेयरमैन गौतम अदाणी?
सीएम योगी से मुलाकात के बाद गौतम अदाणी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'कुछ विजन राष्ट्र का स्वरूप बदल देते हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से 'विकसित उत्तर प्रदेश' का रोडमैप सुनना एक अविस्मरणीय क्षण था. 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का लक्ष्य यह बताता है कि यूपी क्या बनने में सक्षम है. अदाणी ग्रुप बिजली, रक्षा, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और डेटा सेंटर्स में निवेश के जरिए इस बदलाव में योगदान देकर गर्व महसूस कर रहा है. हम उस भविष्य के निर्माण में मदद करने के लिए यहां हैं.'
इससे पहले गौतम अदाणी ने सपरिवार अयोध्या का दौरा भी किया. हनुमान जयंती के अवसर पर उन्होंने पत्नी डॉ प्रीति अदाणी, बेटे करण और बहू परिधि के साथ श्री राम मंदिर में माथा टेका और प्रार्थना की. बता दें कि अदाणी ग्रुप ने 2022 के इन्वेस्टर्स समिट में 70,000 करोड़ के निवेश का वादा किया था, जिससे राज्य में कम से कम 30,000 रोजगार पैदा होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: सोने में 2008 के बाद सबसे बड़ी गिरावट, एक महीने का रिकॉर्ड देखिए! जंग के बीच चढ़ने की बजाय गिरने के 3 कारण ये रहे
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)














