देश में एयर एम्बुलेंस को लाइफ सेविंग सर्विस माना जाता है, लेकिन झारखंड में हुई एक बड़ी घटना ने लोगों को हिला दिया है. रांची से दिल्ली जा रही एक मेडिकल एयर एम्बुलेंस सोमवार शाम उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद अचानक क्रैश हो गई. चतरा जिले के घने जंगलों में हुए इस हादसे ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है.इस हादसे में प्लेन में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई. इस दुखद घटना के बाद लोग जानना चाहते हैं कि आखिर यह एयर एम्बुलेंस किस कंपनी की थी, मालिक कौन है और यह कंपनी क्या करती है.
चतरा के जंगलों में हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह एयर एम्बुलेंस झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से शाम करीब 7 बजकर 11 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. लेकिन उड़ान के सिर्फ 20 से 25 मिनट बाद ही प्लेन का रडार और कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया. बाद में यह झारखंड के चतरा जिले के जंगल क्षेत्र में क्रैश मिला. यह फ्लाइट मेडिकल इवैक्यूएशन के लिए थी और इसमें एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, दो अटेंडेंट, एक पायलट और एक को पायलट सहित कुल सात लोग सवार थे. इस हादसे में किसी के भी बचने की खबर नहीं है.
DGCA के मुताबिक, यह प्लेन खराब मौसम के कारण रास्ता बदलने की अनुमति मांग रहा था, लेकिन कोलकाता एटीसी से संपर्क के कुछ समय बाद ही प्लेन से संपर्क पूरी तरह टूट गया और यह हादसा हो गया.
किस कंपनी का था एयर एम्बुलेंस?
हादसे का शिकार हुआ यह एयर एम्बुलेंस रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड ( Redbird Airways) का था. इसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-AJV और मॉडल बीचक्राफ्ट सी90 (Beechcraft C90) था.कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, इस कंपनी की स्थापना 2018 में की गई थी और इसका हेड ऑफिस नई दिल्ली के महिपालपुर वसंत कुंज रोड इलाके में है.कंपनी ने 2019 में एयर ऑपरेटर परमिट हासिल किया था और इसके बाद से यह मेडिकल इवैक्यूएशन और चार्टर फ्लाइट ऑपरेशन कर रही है.यह कंपनी एयर एम्बुलेंस और चार्टर फ्लाइट्स और प्राइवेट जेट जैसी सर्विस देती है. एयर एम्बुलेंस सर्विस के जरिए गंभीर मरीजों को एक शहर से दूसरे शहर ले जाया जाता है.
कौन हैं Redbird Airways के मालिक?
रिपोर्ट्स के अनुसार, रेडबर्ड एयरवेज के फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर अक्षय कुमार हैं. अक्षय कुमार खुद एक एयरक्राफ्ट इंजीनियर हैं और उन्हें एविएशन सेक्टर में करीब 14 साल का लंबा अनुभव है. उनकी कंपनी रेडबर्ड एयरवेज ने 2019 में एयर ऑपरेटर परमिट हासिल किया था और तब से यह लगातार मेडिकल इमरजेंसी और प्राइवेट फ्लाइट्स सर्विस दे रही है. कंपनी के जरिये उनका फोकस एयर एम्बुलेंस और प्राइवेट एविएशन सेक्टर को बढ़ाना है.
Redbird Airways कौन-कौन सी सर्विस देती है?
यह कंपनी एयर चार्टर, एयर एम्बुलेंस, कॉर्पोरेट जेट और प्राइवेट जेट सर्विस देती है. इसके अलावा शादी या खास इवेंट के लिए चार्टर फ्लाइट और हेलीकॉप्टर फ्लावर ड्रॉप जैसी सेवाएं भी दी जाती हैं. कंपनी अपने बिजनेस जेट का बेड़ा बढ़ाने पर काम कर रही है ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की फ्लाइट ऑपरेशन बढ़ सकें.
कंपनी के पास हैं कई लग्जरी प्लेन और हेलीकॉप्टर
रेडबर्ड एयरवेज का बेड़ा काफी बड़ा है और यह देश के साथ-साथ इंटरनेशनल लवल पर भी काम कर रही है. 2024 तक कंपनी के पास बीचक्राफ्ट किंग एयर सी90, सुपर किंग एयर बी200, सुपर किंग एयर बी250 जैसे एयरक्राफ्ट शामिल हैं. इसके अलावा हॉकर 850XP, फाल्कन 2000 और अगस्ता 109 हेलीकॉप्टर जैसे बेहतरीन विमान भी कंपनी के बेड़े का हिस्सा हैं. इनका इस्तेमाल मेडिकल, कॉर्पोरेट और चार्टर फ्लाइट के लिए किया जाता है.कंपनी एयर एम्बुलेंस के अलावा शादियों के लिए चार्टर, कॉर्पोरेट जेट और फूलों की बारिश जैसी खास सेवाएं भी प्रदान करती है.
इस घटना के बाद एयर एम्बुलेंस सर्विस की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. डीजीसीए और जांच एजेंसियां अब इस पूरे हादसे के असली कारणों का पता लगाने में जुटी हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.














