8वां वेतन आयोग: 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की बढ़ेगी पेंशन? सरकार के जवाब से समझिए पूरा मामला

8th Pay Commission में Pension की समीक्षा शामिल है, लेकिन सवाल ये है कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन बढ़ेगी या नहीं? 7वें वेतन आयोग के समय 2 फॉर्मूले/तरीके सामने आए थे, इस बार क्‍या होगा? सरकार ने क्‍या कुछ बताया.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
पुराने पेंशनभोगियों की बढ़ेगी पेंशन? जो 2026 से पहले रिटायर हुए उनका क्या होगा?
Source: NDTV Graphics/Canva

8th Pay Commission Pension Update: 8वें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों के साथ साथ पेंशनभोगियों को भी काफी उम्मीदें हैं. लेकिन उन कर्मचारियों के मन में बड़ा सवाल है, जो 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हो चुके हैं. सवाल है कि क्या 31 दिसंबर 2025 तक रिटायर हुए केंद्रीय कर्मचारियों और उससे भी पहले से फैमिली पेंशन पा रहे लोगों की पेंशन भी नए वेतन आयोग के तहत बढ़ेगी? फिलहाल सरकार ने इस पर बहुत स्पष्ट जवाब नहीं दिया है, लेकिन काफी कुछ बताया जरूर है. जैसे कि आठवें केंद्रीय वेतन आयोग को पेंशन की समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है.

पुराने पेंशनभोगियों की पात्रता, नई पेंशन का कैलकुलेशन और एरियर को लेकर अंतिम आदेश जारी होने में अभी काफी समय है. आइए समझने की कोशिश करते हैं कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए कर्मचारियों की पेंशन बढ़ेगी या नहीं, इस सवाल पर हमारे पास अब तब क्‍या जानकारियां हैं. 

पेंशन की समीक्षा होगी, लेकिन किसे मिलेगा फायदा?

वित्त मंत्रालय ने 3 नवंबर 2025 को जारी संकल्प के जरिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन किया था. इसकी अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. आयोग को गठन की तारीख से 18 महीने के भीतर अपनी सिफारिशें देनी हैं. इस हिसाब से आयोग की रिपोर्ट मई 2027 के आसपास आने की संभावना है.

आयोग जिन विषयों पर विचार कर रहा है, उसमें पेंशन की समीक्षा भी शामिल है. खास तौर पर नेशनल पेंशन सिस्‍टम (NPS) और इंटीग्रेटेड पेंशन स्‍कीम (UPS) से बाहर आने वाले कर्मचारियों की पेंशन और ग्रेच्युटी की समीक्षा का प्रावधान है.

Advertisement

हालांकि, 7वें वेतन आयोग की तरह इस बार इन विषयों में मौजूदा पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशन पाने वालों का अलग से स्पष्ट उल्लेख नहीं है. इसी वजह से पेंशनभोगी संगठन सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं.

संसद में सरकार ने अब तक क्‍या बताया है? 

पुराने पेंशनभोगियों की पात्रता का सवाल संसद में भी उठ चुका है. 2 दिसंबर 2025 को राज्यसभा में सरकार से 8वें वेतन आयोग के दायरे को लेकर सवाल किया गया था. जवाब में बताया गया कि आयोग वेतन, भत्तों और पेंशन समेत कई विषयों पर अपनी सिफारिशें देगा.

Advertisement

इसके बाद 3 फरवरी 2026 को राज्यसभा में फिर पूछा गया कि क्या 31 दिसंबर 2025 तक रिटायर हो चुके केंद्रीय पेंशनभोगियों की पेंशन भी संशोधित की जाएगी.

सरकार ने जवाब में आयोग के पेंशन संबंधी दायित्व और उसके विचारार्थ विषयों का हवाला दिया, लेकिन पुराने पेंशनभोगियों के लिए स्पष्ट रूप से हां या नहीं नहीं कहा. सरकार ने ये भी बताया कि आयोग की सिफारिशों को मंजूरी मिलने के बाद पेंशन संशोधन के लिए सामान्य आदेश जारी किए जाते हैं.

इसका मतलब है कि फिलहाल पुराने पेंशनभोगियों की पात्रता को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है. इसका फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार के कार्यान्वयन आदेश से ही सामने आएगा.

1 जनवरी 2026 की तारीख क्यों है अहम?

पिछले वेतन आयोगों के सामान्य 10 साल के क्रम को देखते हुए 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि, सिफारिशें प्रभावी होने की तारीख और बढ़ी हुई पेंशन का भुगतान शुरू होने की तारीख अलग अलग हो सकती हैं.

Advertisement

उदाहरण के लिए, अगर कोई कर्मचारी 31 दिसंबर 2025 को रिटायर हुआ और उसकी पेंशन 1 जनवरी 2026 से शुरू हुई, तो उसे नए वेतन आयोग का फायदा मिलेगा या नहीं, ये सरकार के अंतिम आदेश पर निर्भर करेगा. 

यानी कि ऐसी स्थिति में आदेश में तय की गई पात्रता की तारीख और संबंधित पेंशन नियम बेहद अहम होंगे. पेंशन पेमेंट ऑडर (PPO) में दर्ज जानकारी भी इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण हो सकती है.

Advertisement

7वें वेतन आयोग में पुराने पेंशनभोगियों को कैसे मिला था फायदा?

पुराने पेंशनभोगियों के लिए 7वें वेतन आयोग का उदाहरण गौर करने लायक है.  उस समय 1 जनवरी 2016 से पहले रिटायर हुए केंद्रीय कर्मचारियों के मन में भी यही सवाल था कि उन्‍हें फायदे मिलेंगे या नहीं. सरकार ने तब पात्र  पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन को बढ़ाया था.  

4 अगस्त 2016 का आदेश देखने पर पता चलता है कि उनकी मौजूदा मूल पेंशन को 2.57 से गुणा करके नई पेंशन तय करने का तरीका लागू किया गया था.

इसके बाद 12 मई 2017 को पेंशन की गणना का एक दूसरा तरीका भी लागू किया गया. इसमें कर्मचारी के रिटायरमेंट के समय के वेतनमान को नए वेतन मैट्रिक्स में रखकर काल्पनिक वेतन तय किया गया. इसी आधार पर पेंशन की गणना की गई. जहां दोनों तरीके लागू हो सकते थे, वहां पेंशनभोगी को ज्यादा लाभ देने वाला विकल्प अपनाया गया.

इससे पता चलता है कि सरकार पुराने पेंशनभोगियों के लिए पेंशन संशोधन की अलग व्यवस्था बना सकती है. हालांकि, 8वें वेतन आयोग में भी यही फॉर्मूला लागू होगा, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.

पेंशनभोगी संगठन क्या मांग कर रहे हैं?

पुराने पेंशनभोगियों को 8वें वेतन आयोग के दायरे में शामिल करने की मांग लगातार उठ रही है. NC-JCM यानी राष्ट्रीय परिषद के संयुक्त कर्मचारी पक्ष ने मौजूदा पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशन पाने वालों को आयोग के विचार वाले विषयों में स्पष्ट रूप से शामिल करने की मांग की है.

नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ पेंशनर्स एसोसिएशंस (NCCPA) ने भी 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर हुए लोगों को पेंशन संशोधन के दायरे में रखने की मांग उठाई है. AIDEF ने भी यहीं मांग की है. 

इसके अलावा डाक कर्मचारी संगठनों ने भी सरकार को इस संबंध में अपने सुझाव आयोग को सौंपे हैं. इन संगठनों की मांगों में पेंशन समानता, फिटमेंट फैक्टर और उम्र के आधार पर अतिरिक्त पेंशन जैसे मुद्दे शामिल हैं.  

पुराने पेंशनभोगियों को अब किस फैसले का इंतजार?

पुराने पेंशनभोगियों के लिए सबसे अहम होगी, आयोग की सिफारिशें, केंद्र की मंजूरी और फिर सरकार का आदेश. इसमें स्पष्ट किया जाएगा कि 31 दिसंबर 2025 तक रिटायर हुए कर्मचारी और मौजूदा पारिवारिक पेंशनभोगी पेंशन संशोधन के पात्र होंगे या नहीं.

इसके साथ ही ये भी तय होगा कि नई पेंशन का कैलकुलेशन किस आधार पर होगा. क्या मौजूदा मूल पेंशन पर कोई फिटमेंट फैक्‍टर लगाया जाएगा या रिटायरमेंट के समय के पुराने वेतनमान को नए वेतन मैट्रिक्स में रखकर पेंशन तय की जाएगी? एरियर किस तारीख से मिलेगा, ये भी अंतिम आदेश में ही स्पष्ट हो जाएगा. 

Featured Video Of The Day
UP Samvaad 2026 | मौसम की मार से किसानों को कैसे बचाएगी यूपी सरकार? | Uttar Pradesh 2.0

Topics mentioned in this article
8th Pay Commission Latest News
8th Pay Commission Latest News Fitment Factor
8th Pay Commission Pension Revision
8th Pay Commission Pension Update For Retirees
8th Pay Commission Pension And Pay Structure Reforms

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं