सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी: होली से पहले DA में हो सकती है बढ़ोतरी, 8वें वेतन आयोग पर भी आया ये अपडेट

DA Hike 2026: पिछले साल सरकार ने डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, जिससे कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया था. इस बार भी कर्मचारियों को एक अच्छी बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
DA Hike for Central government Employees: जैसे ही सरकार की ओर से आधिकारिक मुहर लगेगी, कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में बढ़ा हुआ पैसा आना शुरू हो जाएगा.
नई दिल्ली:

DA Hike News; केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए इस बार की होली बेहद खास हो सकती है. ऐसी खबरें आ रही हैं कि सरकार होली के त्योहार से पहले महंगाई भत्ते यानी डीए (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है. अगर ऐसा होता है, तो लाखों कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स के पैसों में अच्छी खासी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. आमतौर पर सरकार साल की पहली छमाही का डीए मार्च के महीने में ही घोषित करती है, इसलिए इस समय सभी की नजरें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं.

साल में दो बार बढ़ता है महंगाई भत्ता

सरकारी नियमों के मुताबिक, महंगाई भत्ते (Dearness Allowance Hike) में साल में दो बार बदलाव किया जाता है. पहली बार की बढ़ोतरी जनवरी से जून तक के लिए होती है जिसका एलान मार्च में किया जाता है. वहीं दूसरी बार जुलाई से दिसंबर के लिए एलान दशहरा या दिवाली के आस-पास होता है. 

पिछले साल सरकार ने डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी, जिससे कुल महंगाई भत्ता बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया था. इस बार भी कर्मचारियों को एक अच्छी बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद है.

8वें वेतन आयोग पर क्या है ताजा अपडेट

केंद्र सरकार ने कर्मचारियों की मांग को देखते हुए 8वें वेतन आयोग का गठन तो कर दिया है, लेकिन इसकी सिफारिशों को लागू होने में अभी कम से कम दो साल का वक्त लग सकता है. जब तक नए वेतन आयोग की बातें पूरी तरह लागू नहीं हो जातीं, तब तक 7वें वेतन आयोग के नियम ही चलते रहेंगे. 8वें वेतन आयोग ने अपना काम शुरू कर दिया है और कर्मचारियों से उनकी राय जानने के लिए सवाल-जवाब का सिलसिला भी शुरू हो चुका है, ताकि आने वाले समय में सैलरी के नए ढांचे को बेहतर बनाया जा सके.

सावधान! सैलरी कैलकुलेटर के नाम पर हो सकता है फ्रॉड

पे कमीशन और डीए की चर्चा के बीच एक बहुत जरूरी चेतावनी भी सामने आई है. सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर कई ऐसे लिंक वायरल हो रहे हैं जो सैलरी कैलकुलेटर होने का दावा करते हैं. सरकार ने साफ कहा है कि ये लिंक फर्जी हैं और इनके जरिए साइबर अपराधी आपकी निजी और बैंक की जानकारी चुरा सकते हैं. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें जो यह दावा करे कि वह आपकी बढ़ी हुई सैलरी कैलकुलेट करके बताएगा. अपनी जानकारी सुरक्षित रखें और सिर्फ आधिकारिक सरकारी ऐलान पर ही भरोसा करें.

आने वाले दिनों में दिखेगा बड़ा असर

महंगाई भत्ते में होने वाली यह संभावित बढ़ोतरी न सिर्फ कर्मचारियों के हाथ में ज्यादा पैसा देगी, बल्कि बाजार में भी रौनक लाएगी. त्योहारों के समय जब लोगों की जेब में ज्यादा पैसा होता है, तो खरीदारी भी बढ़ती है. सरकार का यह कदम कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए उठाया जाता है. जैसे ही सरकार की ओर से आधिकारिक मुहर लगेगी, कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में बढ़ा हुआ पैसा आना शुरू हो जाएगा.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran America War: हॉर्मुज की खाड़ी पर ईरान का बड़ा कदम! अमेरिका को खुली चेतावनी | Trump Vs Khamenei