फिल्मी सितारों की पर्सनल लाइफ अक्सर लोगों का ध्यान खींच लेती है. खासकर तब, जब कोई स्टार अपनी जिंदगी से जुड़ा बड़ा खुलासा करे. अब तमिल फिल्मों के अभिनेता जय भी अपने एक बयान की वजह से चर्चा में आ गए हैं. विजय की फिल्म ‘भगवती' से पहचान बनाने वाले जय ने हाल ही में बताया कि आखिर क्यों वो इस्लाम की तरफ बढ़े. अभिनेता ने कहा कि मंदिरों में उन्हें कई बार ऐसे अनुभव हुए, जिनसे वो अंदर से परेशान हो गए थे. वहीं जब वो पहली बार मस्जिद गए तो वहां उन्हें ऐसा सम्मान और सुकून मिला, जिसने उनकी सोच बदल दी. जय का ये बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
साल 2011 से इस्लाम को मान रहे हैं जय
जय ने हाल ही में ‘गलाटा प्लस' को दिए इंटरव्यू में अपने धर्म परिवर्तन पर खुलकर बात की. अभिनेता ने बताया कि वो साल 2011 से इस्लाम को फॉलो कर रहे हैं. उन्होंने साफ कहा कि उनका ये फैसला करियर में आई मुश्किलों की वजह से नहीं था. जय ने इंटरव्यू में कहा, 'मैं सबरीमाला के लिए माला पहन चुका हूं. एक साल तक मैंने जीसस की रोजरी भी पहनी और फास्टिंग भी की. मैं हर भगवान को मानता था. लेकिन एक समय ऐसा आया जब मंदिरों में कुछ बुरे अनुभव हुए. कुछ ऐसी बातें हुईं, जिनसे मुझे अच्छा नहीं लगा'.
ये भी पढ़ें- पंजाबी सिंगर इंदर कौर से कथित आरोपी करना चाहता था शादी, कनाडा में है वाइफ
मस्जिद में मिला अलग एहसास
अभिनेता ने आगे बताया कि जब वो पहली बार मस्जिद गए तो वहां का माहौल उन्हें काफी अलग लगा. जय ने कहा, 'सब लोग लाइन में खड़े होकर नमाज पढ़ रहे थे. सभी जानते थे कि मैं एक्टर हूं, लेकिन किसी ने अंदर आकर मुझसे बात नहीं की. बाहर आने के बाद बहुत प्यार और इज्जत से बात की. किसी ने फोटो तक नहीं मांगी'. उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगा कि यहां सब लोग बराबर हैं. मस्जिद के अंदर कोई बड़ा स्टार नहीं होता. वहां सिर्फ भगवान सबसे ऊपर होते हैं. हमें आराम से दुआ करने का मौका मिलता है. कोई जल्दी नहीं कराता. मुझे वहां बहुत सुकून मिला. ये बिल्कुल योग जैसा एहसास था.'
नाम बदलने की भी कही थी बात

जय इससे पहले साल 2019 में ‘विकटन' को दिए इंटरव्यू में भी इस्लाम अपनाने की बात कबूल कर चुके हैं. उस दौरान उन्होंने कहा था कि वो अपना नाम बदलकर ‘अजीज जय' रखने के बारे में भी सोच रहे हैं. हालांकि अभी तक उन्होंने अपना नाम नहीं बदला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं