बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले सोनू निगम ने मांगी माफी, पुराने बयान पर बोले- कर्नाटक ने मुझे हमेशा प्यार दिया

कन्नड़ गाने की मांग की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करने वाले बयान पर सोनू निगम ने माफी मांगी है. सिंगर ने कहा कि कर्नाटक और वहां के लोगों से उन्हें बेहद प्यार है और अगर उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वो इसके लिए माफी चाहते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कन्नड़ विवाद पर सोनू निगम ने मांगी माफी
नई दिल्ली:

गायक सोनू निगम ने अपने उस पुराने विवादित बयान को लेकर कर्नाटक के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, जिसमें उन्होंने बार-बार कन्नड़ गीत गाने की मांग की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से की थी. करीब डेढ़ साल बाद उन्होंने कहा कि वह कर्नाटक के लोगों से बहुत प्रेम करते हैं और यदि उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है.

एक वीडियो संदेश में सोनू निगम ने कहा कि किसी भी रिश्ते को बनाए रखने के लिए अहंकार नहीं, बल्कि समझदारी जरूरी होती है. उन्होंने कहा, "अगर आप किसी से प्यार करते हैं और चाहते हैं कि रिश्ता बना रहे, तो आपको 1,000 बार भी 'सॉरी' बोलने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए." उन्होंने कहा कि कर्नाटक और वहां के लोगों ने उन्हें हमेशा भरपूर प्यार दिया है और वह इस संबंध को बेहद महत्व देते हैं. यदि उनके बयान से किसी भी कन्नड़भाषी व्यक्ति को ठेस पहुंची है तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं.

यह मामला एक बार फिर तब चर्चा में आया, जब कुछ प्रो-कन्नड़ संगठनों ने बेंगलुरु में प्रस्तावित सोनू निगम के कार्यक्रम का विरोध किया. कन्नड़ संगठनों ने पुलिस से कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने की मांग भी की थी. इसी विवाद के बीच सोनू निगम ने कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रमुख नारायण गौड़ा से बातचीत की और उसके बाद कन्नड़ समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने वाला वीडियो जारी किया.

कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रमुख नारायण गौड़ा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सोनू निगम ने उनसे बात की और माना कि उनके बयान से कन्नड़ लोगों की भावनाएं आहत हुई थीं. उन्होंने लिखा, "हम सभी सोनू निगम के गीतों से प्यार करते हैं. हमारे मन में उनके प्रति कोई व्यक्तिगत नफरत या दुश्मनी नहीं थी. हमें सिर्फ उनका वह बयान स्वीकार नहीं था, इसलिए हमारा विरोध स्वाभाविक था."

यह भी पढ़ें | सोनू निगम की कॉन्सर्ट पर लटकी तलवार, बेंगलुरू में KRV के तीखे तेवर, पुलिस से कहा इजाजत दी तो प्रदर्शन होगा

Advertisement

नारायण गौड़ा ने कहा कि अब जब सोनू निगम ने माफी मांग ली है तो विवाद को यहीं समाप्त कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि माफी मांगने वाले को क्षमा करना कन्नड़ संस्कृति और कन्नड़ लोगों की उदारता का हिस्सा है. नारायण गौड़ा ने अपने संदेश में घंटासाला, पीबी श्रीनिवास, येसुदास, एस जानकी, वाणी जयराम और चित्रा जैसे दिग्गज गायकों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी कन्नड़ नहीं थे, लेकिन कर्नाटक के लोगों ने उन्हें भरपूर प्यार दिया और उन्होंने कन्नड़ संगीत को समृद्ध बनाया.

उन्होंने कहा कि सोनू निगम भी इसी महान परंपरा के गायक हैं. इस घटना को अब भुला देना चाहिए और इस विवाद को यहीं समाप्त मानना चाहिए. नारायण गौड़ा ने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से संगीत प्रेमी हैं और संगीत लोगों को जीवन की परेशानियों से कुछ पल राहत देता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनू निगम आगे भी कन्नड़ गीत गाते रहेंगे और उनके कार्यक्रम कर्नाटक में आयोजित होते रहेंगे. उन्होंने अपने संदेश का समापन करते हुए कहा, "संगीत लोगों के जीवन को और बेहतर बनाए और प्यार की जीत हो."
 

Advertisement
Featured Video Of The Day
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: अनिल पंडित का नया ऑडियो, सलमान खान को फिर धमकी!
Topics mentioned in this article
Sonu Nigam Controversy
Hindi News
Ndtv Hindi
Bollywood
Entertainment

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं