बीते दिनों राजेश शर्मा को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसमें बताया गया कि उन्हें एक कीड़े ने काट लिया है. जहरीले कीड़े के काटने के कारण उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद से राजेश शर्मा के फैंस के बीच बेचानी बढ़ गई. लेकिन अब दिग्गज एक्टर की सेहत और कीड़े वाली खबर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. राजेश शर्मा के मैनेजर, सुभाशीष पांडा ने हाल ही में एनडीटीवी डॉट कॉम से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने जहरीले कीड़े के साथ राजेश शर्मा का हेल्थ अपडेट भी दिया है.
ये भी पढ़ें: ना ईशा देओल ना ही आलिया भट्ट, अपनी बायोपिक के लिए हेमा मालिनी ने चुनी 1000 करोड़ की 3 फिल्में देने वाली सुपरस्टार
जहरीले कीड़े ने नहीं काटा
सुभाशीष पांडा ने कहा, 'जो खबरें फैल रही हैं कि किसी जहरीले कीड़े के काटने से उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, वो खबरें सब झूठी हैं. सही बात तो यह है कि कुछ दिनों पहले राजेश शर्मा की शुगर हाई हो गई थी, इसके बाद उनके पैर में अचानक खुजली होने लगी और पैर में खुजाने के बाद अचानक खून आने लगा. जिसके 1 घंटे बाद उनका पैर पूरी तरीके से सूज गया, फिर उनको अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. लेकिन एक्टर अब पूरे तरीके से स्वस्थ हैं और उनकी जल्द से जल्द अस्पताल से छुट्टी हो जाएगी.'
राजेश शर्मा की फिल्में
बता दें, राजेश शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत साल 1996 में आई फिल्म माचिस से की थी. इस फिल्म से उनको ज्यादा पहचान तो नहीं मिली, लेकिन एक्टर ने आगे चलकर फिल्म नो वन किल्ड जेसिका, बेगम जान, तनु वेड्स मनु 2 जैसी तमाम बड़ी फिल्मों में काम किया. उनके काम को सबसे ज्यादा तनु वेड्स मनु 2 में सराहा गया. इस फिल्म में उन्होंने कंगना रनौत के भाई का किरदार निभाया था. एक्टर इस साल रिलीज हुई तेलुगू फिल्म पेद्दी में भी एक अफसर का किरदार निभा चुके हैं. इसके अलावा एक्टर काफी वेब शोज भी कर चुके हैं. जिसमें लाइफ सही है जैसे तमाम शोज के नाम शामिल हैं.