रणबीर कपूर और आलिया भट्ट हाल ही में अपने पुश्तैनी घर, कृष्णा राज कपूर बंगले में शिफ्ट हुए हैं. इस छह-मंजिला घर में एक फ्लोर ऐसा भी है जहां नीतू कपूर रहती हैं, और साथ ही रिद्धिमा कपूर के लिए एक अलग कमरा भी है. नीतू कपूर ने अब शादी के बाद अपने बच्चों के साथ हेल्दी बाउंड्री बनाए रखने के बारे में बात की है, और बताया है कि वह रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की पर्सनल लाइफ में दखल नहीं देती. नीतू ने ये भी बताया कि वो ऐसा क्यों करती हैं.
आलिया-रणबीर की प्राइवेसी पर क्या बोलीं नीतू
सोहा अली खान के पॉडकास्ट पर नीतू कपूर ने कहा, "मुझे लगता है कि जब आपके बच्चों की शादी हो जाती है, तो आपको उन्हें अकेला छोड़ देना चाहिए. मैं अपने बच्चों के साथ उसी बिल्डिंग में रहती हूं, लेकिन मैं जब चाहूं तब उनके पास नहीं चली जाती. मैं उन्हें उनका अपना स्पेस देना चाहती हूं."
नीतू कपूर ने आगे कहा, "मैं नहीं चाहती कि उन्हें ऐसा लगे कि उनकी मां हमेशा वहीं बैठी रहती हैं. उनकी प्राइवेसी उनकी अपनी प्राइवेसी है. मैं दखल नहीं देती. यहां तक कि राहा भी जब फ्री होती है तो मेरे पास आ जाती है. मैं बिना बताए उनके पास नहीं जाती."
ऋषि कपूर को भी देती थीं ये सीख
दिग्गज अभिनेत्री ने याद करते हुए बताया, "जब रिद्धिमा की शादी हुई थी, तो मैं ऋषि जी से कहती थी कि उन्हें रोज-रोज फोन मत किया करो. मैंने कहा, 'अब रिद्धिमा की शादी हो गई है, भरत भी वहां हैं, तुम हर समय उन्हें फोन नहीं कर सकते. उन्हें अपनी जिंदगी जीने दो. तुम्हें अब थोड़ा पीछे हट जाना चाहिए.' वह कहते थे, 'मेरा जब मन करता है, मैं उसे फोन करता हूं, मैं भरत को भी फोन करता हूं.' मैं उनसे कहती थी, 'तुम यह क्या कर रहे हो? कभी-कभार फोन करना ठीक है, लेकिन हर समय उन्हें फोन मत किया करो. उनकी भी अपनी एक जिंदगी है, हर समय उनके सिर पर मत सवार रहा करो.'"
आलिया की परवरिश पर नीतू कपूर
नीतू ने मजाकिया अंदाज में यह भी बताया कि राहा को लाड़-प्यार देने के मामले में आलिया के साथ उनकी अक्सर हल्की-फुल्की नोक-झोंक होती रहती है. उन्होंने बताया, "मैं हमेशा उससे झगड़ती रहती हूं और कहती हूं, 'आलिया, कम से कम मुझे उसे एक चॉकलेट तो देने दो.' लेकिन वह कहती है, 'नहीं, क्या आप समझ नहीं सकती कि चीनी उसकी सेहत के लिए अच्छी नहीं है?' मैं उससे कहती हूं, 'कोई बात नहीं, मैं उसकी दादी हूं, मुझे उसे थोड़ा बिगाड़ने दो.'"
आलिया की परवरिश के अंदाज की और तारीफ करते हुए नीतू कपूर ने उन्हें एक 'अनुशासन-प्रिय मां' बताया और यह भी बताया कि रणबीर किस तरह राहा के लिए एक दोस्त जैसे हैं.