हिंदी सिनेमा में प्यार, इश्क और मोहब्बत को लेकर के कई गाने बनते हैं. जिसमें प्रेमी और प्रेमिका अपने इश्क का इजहार करते हैं, किसी खूबसूरत जगह पर मुलाकात करते हैं. लेकिन प्रेमी-प्रेमिका के बीच मुलाकात किसी खूबसूरत बगीचे या पहाड़ों पर ही हो, ऐसा जरूरी नही है. कभी-कभी घर की अटरिया भी मोहब्बत के इजहार की सबसे खास जगह बन जाती है. हम बात कर रहे हैं साल 2014 में आई डेढ़ इश्किया फिल्म के गाने 'हमरी अटरिया पे' गाने की. इस गाने को खास बनाते हैं इसके बोल जिसको गलजार साहब ने लिथा और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया जो सुनने में पुराने जमाने की ठेठ बोली जैसे लगते हैं. इस गाने में प्रेमिका अपने पिया के आने का इंतजार करती नजर आती है. सजना-संवरना, दीये जलाना और महफिल सजाना, इन सबके बीच उसके मन में प्रेमी से मिलने की बेचैनी भी दिखाई देती है. गुलजार के बोल, विशाल भारद्वाज का संगीत और रेखा भारद्वाज की आवाज ने इस गाने के मिजाज को और खास बना दिया. गाने में ठहराव और शरारत दोनों ही सुनाई देते हैं. इसके संगीत में लोकगीत की मिठास और ठहराव दोनों ही महसूस होता है.
ये भी पढ़ें: पति की धमकी, पत्नी की जिद और बना बॉलीवुड का यादगार गाना, 53 साल बाद भी लता मंगेशकर की आवाज में सुपरहिट
माधुरी दीक्षित के डांस ने जीता दिल
ये गाना साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म 'डेढ़ इश्किया' का है, अभिषेक चौबे के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, माधुरी दीक्षित, अरशद वारसी और हुमा कुरैशी ने अभिनय किया था. फिल्म को प्रोड्यूस विशाल भारद्वाज और रमन मारू ने किया था. फिल्म के गाने हमरी अटरिया पे में माधुरी दिक्षित और हुमा कुरैशी नजर आती हैं. माधुरी की अदाओं और हुमा के डांस ने इस गाने को और खास बना दिया है. फिल्म की कहानी में रोमांस के साथ धोखे, रहस्य और साजिश का भी अहम हिस्सा है.
बॉक्स ऑफिस पर कैसा रहा फिल्म का प्रदर्शन?
साल 2014 में 10 जनवरी को फिल्म 'डेढ़ इश्किया' रिलीज हुई थी. फिल्म को क्रिटिक्स ने पसंद किया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म कोई खासा कमाल नहीं दिखा पाई. लेकिन फिल्म के गानों को लोगों ने काफी पसंद किया. फिल्म का गाना 'हमरी अटरिया पे' आज भी उन गानों में शामिल है, जिनकी खासियत सिर्फ धुन नहीं, बल्कि उनके बोल और गायकी भी हैं. यह गाना याद दिलाता है कि इश्क को बयां करने के लिए बड़े-बड़े वादों की जरूरत नहीं होती, कभी-कभी एक अटरिया और किसी के आने का इंतजार ही काफी होता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं