बॉलीवुड के पुराने गानों की बात ही अलग थी. उन गानों की धुन जितनी खूबसूरत थी, उनके पीछे छिपे किस्से भी उतने ही दिलचस्प थे. कई बार स्टूडियो में रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले हुई एक छोटी सी बात गाने की पूरी फील बदल देती थी. ऐसा ही एक किस्सा किशोर कुमार और लता मंगेशकर की 52 साल पुरानी फिल्म के गाने से जुड़ा है, जिसके हीरो थे राजेश खन्ना और हीरोइन थीं मुमताज. रिकॉर्डिंग से पहले किशोर दा ने लता जी को एक ऐसी कल्पना करने के लिए कहा, जिसने गाने में ऐसा जादू भर दिया कि आज भी उसे सुनते हुए लगता है जैसे दो लोग दूर होकर भी एक-दूसरे के बेहद करीब हों.
किशोर कुमार ने दिया था अलग अंदाज में गाने का आइडिया
किशोर कुमार सिर्फ बेहतरीन गायक नहीं थे, बल्कि हर गाने का मूड बनाने में भी उनका जवाब नहीं था. रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले उन्होंने लता मंगेशकर से कहा कि ऐसा महसूस करो जैसे दोनों दो अलग कमरों में बैठे हैं और बीच में एक दीवार है. दोनों वहीं से एक-दूसरे से बात कर रहे हैं. बस इसी सोच के साथ दोनों ने गाना गाया और आवाज में एक नैचुरल बातचीत जैसा एहसास आ गया.
फिर रिकॉर्ड हुआ वो यादगार गाना
यही आइडिया बाद में फिल्म आप की कसम के मशहूर गाने 'सुनो कहो कहा सुना कुछ हुआ क्या' की सबसे बड़ी पहचान बन गया. साल 1974 में आई इस फिल्म में राजेश खन्ना और मुमताज की जोड़ी नजर आई थी. आर. डी. बर्मन की धुन, आनंद बख्शी के बोल और किशोर कुमार-लता मंगेशकर की आवाज ने इस गाने को हमेशा के लिए खास बना दिया.
आज भी याद किया जाता है स्टूडियो का वो पल
फिल्म रिलीज होने के बाद गाना जितना हिट हुआ, उतनी ही चर्चा उसकी रिकॉर्डिंग से जुड़े इस दिलचस्प किस्से की भी हुई. IMDb में दर्ज ट्रिविया के मुताबिक, रिकॉर्डिंग शुरू होने से पहले किशोर कुमार का दिया गया दो अलग कमरों वाला आइडिया इस गाने की सबसे खास यादों में शामिल है.
ये भी पढ़ें- उदित नारायण की आवाज से सजा था 20 साल पुराने पॉपुलर सीरियल का गाना, रजत टोकस की एक्टिंग ने लगाया था चार चांद