टीवी शोज के कुछ किरदार ऐसे होते हैं, जो समय के साथ भी अपनी चमक नहीं खोते. ऐसा ही एक किरदार रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम का है, जिसे अरुण गोविल ने निभाया था. इस किरदार के जरिए उन्होंने देश के घर-घर में अपनी अलग पहचान बनाई है. अब करीब चार दशक बाद, वो एक बार फिर रामायण की दुनिया में लौट रहे हैं, लेकिन इस बार अलग भूमिका में नजर आएंगे. दरअसल, रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म रामायण में अरुण गोविल राजा दशरथ का किरदार निभाते नजर आएंगे. ये उनके करियर का एक खास ‘फुल सर्कल मोमेंट' माना जा रहा है, जहां उन्होंने कभी राम का किरदार निभाया था और अब वे राम के पिता की भूमिका में दिखाई देंगे. यह किरदार उन दर्शकों के लिए खास होगा, जिन्होंने बचपन में उन्हें भगवान राम के रूप में देखा था और अब उन्हें दशरथ के रूप में देखेंगे.
रामायण से मिली थी अमर पहचान
रामायण में भगवान राम का किरदार निभाने के बाद अरुण गोविल को दर्शकों ने भगवान की तरह सम्मान दिया. उनकी सादगी और शानदार एक्टिंग ने उन्हें एक अलग मुकाम पर पहुंचा दिया था. आज भी लोग उन्हें उसी श्रद्धा के साथ याद करते हैं.
हाल ही में रिलीज हुआ टीजर
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही 'रामायण पार्ट वन' का टीजर गुरुवार (2 अप्रैल) को हनुमान जयंती के मौके पर जारी किया गया. यह उस फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत है, जिसे भारत की अब तक की सबसे बड़ी फिल्म माना जा रहा है. इस फिल्म में कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं. साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे जैसे कलाकार इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है.