आप दिल्ली-मुंबई जैसे किसी बड़े शहर से लेकर किसी छोटे शहर, कस्बे या गांव में चले जाइये, आपको हर जगह सड़क किनारे बनी चाय की दुकानों, ढाबों या किसी रेस्तरां में कुछ लोग चाय पीते हुए मिल जाएंगे. आजकल जब सूरज देवता इतनी तपिश बरसा रहे हैं कि सड़कें पिघल रही हों, तब भी हर गली-मोहल्ले, कस्बे और गांव की चाय की दुकानों पर लोग चाय पीते हुए मिल जाएंगे. लोग गरमा-गरम चाय के कप में फूंक मारते हुए गर्मी के साथ-साथ देश-दुनिया, समाज और राजनीति पर बहस करते हुए मिल जाएंगे. एक तरफ पसीना बह रहा है, दूसरी तरफ चाय का जादू असर कर रहा होता है. यही है भारत में चाय के लिए दीवानगी का आलम!
भारत चाय सिर्फ एक पेय नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग, भावनाओं का पुल और रोजमर्रा की खुशियों का साथी बन चुकी है. चाय की चुस्की के बिना चाय सुबह अधूरी लगती है. रात की आखिरी चाय नींद का निमंत्रण देती है. लेकिन सवाल यह है कि भारत इतना चाय-प्रेमी क्यों है?
भारत में चाय के लिए दीवानगी
भारत में चाय की विविधता इतनी समृद्ध है कि हर क्षेत्र, हर मौसम और हर स्वाद के लिए एक खास चाय मौजूद है. सबसे लोकप्रिय तो मसाला चाय है-काली चाय, दूध, चीनी, अदरक, इलायची, दालचीनी और लौंग का वह जादुई मिश्रण जो उत्तर भारत के घर-घर में सुबह-शाम छाया रहता है. सर्दियों में यह गर्मजोशी का अहसास देती है, जबकि गर्मियों में भी लोग इसे ठंडा करके या हल्का बनाकर पीते हैं. असम चाय अपनी मजबूत, माल्टी और हल्के गुड़ जैसे स्वाद के लिए मशहूर है. मुंह में जाते ही यह मोटा, गर्म और संतोषजनक अहसास देती है, जैसे हॉरलिक्स या बॉर्नविटा का स्वाद चख लिया हो.
असम भारत का सबसे बड़ा चाय उत्पादक क्षेत्र है. देश की कुल उत्पादन का बड़ा हिस्सा यहीं से आता है. दार्जिलिंग चाय को 'चाय का शैंपेन' कहा जाता है. हल्की, फूलों जैसी खुशबूदार और नाजुक यह चाय बिना दूध के पी जाती है. इसका स्वाद इतना परिष्कृत है कि दुनिया भर के चाय प्रेमी इसे खास मौकों पर चुनते हैं. हालांकि मैंने वहां पर कई कैफे भी देखे हैं. नीलगिरि चाय दक्षिण भारत की ताजगी का प्रतीक है-हल्की, सुगंधित और ऊर्जा देने वाली. कश्मीर की ठंड में काहवा की गरमाहट बेमिसाल है. हरी चाय, बादाम, केसर और मसालों से बना यह पेय सर्दियों का राजा है.
मुंबई-पुणे की कटिंग चाय छोटे गिलास में तीखे स्वाद की मिसाल है, जहां हर घूंट में सड़क की चटपटाहट घुली रहती है. हैदराबाद और मुंबई की इरानी चाय दूध-मलाई वाली मीठी चाय है, जो ब्रेड के साथ परोसी जाती है. लद्दाख और हिमालयी इलाकों में बटर टी या नमकीन गुड़ चाय ठंड से बचाव का हथियार है.
अदरक वाली चाय सर्दी-जुकाम का रामबाण इलाज मानी जाती है, जबकि स्वास्थ्य सजग युवा ग्रीन टी की ओर रुख कर रहे हैं. इसमें भरपूर एंटीऑक्सीडेंट्स वजन घटाने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं. राजस्थान की नून चाय, पंजाब की मक्खन वाली, बंगाल की हल्की और रंग चाय (बिना दूध की) जैसी किस्में हर राज्य की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती हैं.
दुनिया में सबसे अधिक चाय कहां पैदा होती है
आप जानते ही हैं कि भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चाय उत्पादक देश है, लेकिन सबसे बड़ा उपभोक्ता भी. देश में उत्पादित चाय का करीब 80 फीसदी घरेलू बाजार में ही खप जाता है. टी बोर्ड ऑफ इंडिया के अनुसार, 2024 में उत्पादन 1.28-1.38 बिलियन किलोग्राम के बीच रहा. साल 2025 में इसमें और वृद्धि देखी गई. करीब 88 फीसद भारतीय घरों में चाय पीने की आदत है.देश की कुल आबादी के करीब 64 फीसद लोग नियमित चाय पीने वाले हैं. चाय बाजार की वैल्यू 2025 में करीब 12 अरब डॉलर की थी. इसके 2033 तक दोगुनी होने की उम्मीद है.
भारत में चाय का उत्पादन करीब डेढ़ अरब किलोग्राम तक होता है.
भारत की जलवायु चाय के लिए स्वर्ग है. गर्मी में ठंडी चाय पसीना पोंछती है, सर्दी में गर्म चाय शरीर को तरोताजा करती है. लेकिन असली जादू सांस्कृतिक है. चाय यहां सामाजिक जुड़ाव का सबसे सस्ता और सबसे प्रभावी माध्यम है. सुबह परिवार के साथ चाय परिवार को जोड़ती है, शाम को पति-पत्नी दिन की बातें साझा करते हैं, ऑफिस में चाय ब्रेक तनाव कम करता है. सड़क के चौराहों पर कुल्हड़ वाली चाय का अपना आनंद है, मिट्टी की सोंधी खुशबू चाय के स्वाद को और निखार देती है. ट्रेन में 'चाय-चाय' और 'अदरक-इलायची वाली चाय' की आवाज सुनकर यात्री जाग उठते हैं.
लोगों को जोड़ने वाली चाय
दिल्ली के हनुमान मंदिर के पास एक चाय के ठिए में मौसम के हिसाब से चाय की मांग बदलती रहती है. बारिश में अदरक वाली, सर्दी में मसाला वाली. चाय सस्ती भी है, पांच-दस रुपये में एक कप, जबकि कॉफी उससे महंगी. गरीब-अमीर, शहर-गांव सब एक कप चाय पर बराबर हैं.
चाय की कहानी प्राचीन चीन से शुरू होती है, लेकिन भारत में इसका आगमन 19वीं सदी में ब्रिटिश काल में हुआ. ईस्ट इंडिया कंपनी चाय के लिए चीन से आयात पर निर्भर थी, इसलिए उसने भारत में चाय की खेती शुरू की. साल 1820 के दशक में असम की सिंगफो जनजाति को चाय के पौधे मिले.साल 1837 में चाबुआ में पहला ब्रिटिश चाय बागान स्थापित हुआ. शुरू में चाय अमीरों और अंग्रेजों की पसंद थी, लेकिन 20वीं सदी में प्रचार अभियान, स्वतंत्रता आंदोलन और सस्ती उपलब्धता ने इसे आम आदमी तक पहुंचाया. आजादी के बाद चाय वाले सड़कों पर छा गए. चाय अब दोस्ती, गपशप और आराम का प्रतीक है. कनॉट प्लेस के इंडियन कॉफी हाउस में काम करने वाले वेटर के मुताबिक अब ऑर्गेनिक चाय, स्पेशलिटी टी, हर्बल टी और सिंगल-ऑरिजिन वेरायटी की मांग बढ़ रही है. युवा ग्रीन टी और आयुर्वेदिक हर्बल मिश्रणों की ओर जा रहे हैं. छोटे चाय उत्पादक, स्वयं सहायता समूह और आधुनिक पैकेजिंग ने चाय उद्योग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.
भारत में चाय के लिए दीवानगी बिना वजह नहीं है. यह हमारी विविधता में एकता का प्रतीक है. अमीर-गरीब, उत्तर-दक्षिण, सब चाय की एक प्याली पर मिलते हैं.
(डिस्क्लेमर: लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं, वो देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में अलग-अलग विषयों पर लेख लिखते हैं. इस लेख में व्यक्त किए गए विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)














