OPINION

साई पल्लवी से यश तक, 'रामायण' की कास्टिंग पर इतने सवाल क्यों उठ रहे हैं?

'रामायण' की स्टार कॉस्ट की वजह से आलोचना की जा रही है. इस तरह की आलोचना कितनी जायज है, बता रहीं है वरिष्ठ पत्रकार कावेरी बामजई.

विज्ञापन

क्या बीफ खाने वाला व्यक्ति भगवान राम का किरदार निभा सकता है? क्या वामपंथी और उदारवादी विचार रखने वाली अभिनेत्री सीता का किरदार निभा सकती है? और क्या बड़े पर्दे पर हीरो की छवि रखने वाला अभिनेता रावण जैसे शक्तिशाली खलनायक की भूमिका निभा सकता है?

ये कुछ ऐसे सवाल थे, जो नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' के रिलीज होने से पहले ही उठने लगे थे. यह फिल्म भारतीय सिनेमा के हाल के इतिहास की सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्मों में से एक है. ये सवाल फिल्म बनाने वालों के बारे में कम और दर्शकों की सोच के बारे में ज्यादा बताते हैं. यह फिल्म अब तक की सबसे बड़ी भारतीय फिल्म बताई जा रही है.

कैसा होता है एक्टर और दर्शक का रिश्ता

एक समय था जब पर्दे पर दिखने वाले अभिनेता और पर्दे के सामने बैठे दर्शक के बीच एक सीधा रिश्ता होता था. लेकिन अब यह रिश्ता काफी जटिल हो गया है. दर्शक और अभिनेता के बीच एक ऐसा जुड़ाव बन गया है, जिसमें लोग अभिनेता की निजी जिंदगी में भी जरूरत से ज्यादा दिलचस्पी लेने लगे हैं. वे अभिनेता की असल जिंदगी को भी उतनी ही उत्सुकता से देखते हैं, जितनी उसके निभाए किरदारों को.

इसका एक रूप यह है कि लोग फिल्मों में दिखने वाले किरदारों के रिश्तों को लेकर दीवाने हो जाते हैं. कभी इन रिश्तों को जोड़कर नए और आकर्षक नाम दे दिए जाते हैं, तो कभी प्रशंसक अपनी कल्पनाओं के आधार पर उन किरदारों की नई कहानियां लिखने लगते हैं.

Advertisement

इसकी हालिया मिसाल प्राइम वीडियो की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'द लव हाइपोथेसिस' है. यह फिल्म अली हेजलवुड के उपन्यास पर आधारित है. दिलचस्प बात यह है कि इस कहानी की शुरुआत 'स्टार वार्स' के दो किरदारों रे और काइलो रेन के प्रशंसकों की कल्पना से हुई थी. इन दोनों किरदारों के रिश्ते को छोटे नाम 'रेलो' से जाना जाता था.

एक्टर का मशहूर होना कैसा होता है

आज के दौर में मशहूर होना अभिनेताओं के लिए जितना फायदेमंद है, उतना ही परेशानी का कारण भी बन सकता है. इससे उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती है. सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या इसका एक बड़ा पैमाना बन गई है. कई बार फिल्म में किसी अभिनेता को लेने का फैसला भी उसके फॉलोअर्स की संख्या देखकर किया जाता है. बाकी चीजें बराबर हों तो ज्यादा फॉलोअर्स वाले अभिनेता को प्राथमिकता मिलने की संभावना रहती है.

Advertisement

इस बहस को नए जेम्स बॉन्ड के चयन में भी देखा जा सकता है. सवाल यह है कि किसी अभिनेता के लिए रहस्यमयी बने रहना बेहतर है या सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहना? अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की इस फिल्म के निर्देशक डेनिस विलेन्यूवे ने इस भूमिका के लिए लगभग हर ऐसे युवा ब्रिटिश अभिनेता का ऑडिशन लिया है, जिसे इस भूमिका का दावेदार माना जा सकता है.

कैलम टर्नर इन दिनों पॉप स्टार दुआ लीपा से शादी के बाद लगातार चर्चा में हैं. वहीं, इस भूमिका के दूसरे दावेदार जैक लोडेन पहले ही लोकप्रिय वेब सीरीज 'स्लो हॉर्सेज' में जासूस की भूमिका निभा चुके हैं. जल्द ही वह नेटफ्लिक्स की 'प्राइड एंड प्रेजुडिस' में मशहूर काल्पनिक किरदार मिस्टर डार्सी की भूमिका में भी नजर आएंगे.

कितने रामायण 

अगला जेम्स बॉन्ड कौन होगा, इस सवाल पर 'बेट' नाम से एक व्यंग्यात्मक सीरीज भी बनाई गई है. इसमें अभिनेता रिज अहमद ने खुद को एक भारतीय मूल के जेम्स बॉन्ड के रूप में पेश किया है. यह सीरीज भी अमेजन प्राइम वीडियो पर आई है. लेकिन यह तो सिर्फ जेम्स बॉन्ड की बात है. जब बात रामायण जैसे महाकाव्य की हो, जो भारतीयों के दिलों के बेहद करीब है, तो कलाकारों पर दबाव और भी बढ़ जाता है. रामायण के हर किरदार की लोगों के मन में एक खास छवि है. इसलिए कलाकारों के लिए इन भूमिकाओं को निभाना आसान नहीं है. खासकर सीता जैसी भूमिका, जिसके कई रूप और व्याख्याएं मिलती हैं.

जैसा कि एके रामानुजन ने अपने चर्चित लेख में बताया था कि रामायण के 300 से ज्यादा रूप हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय में इस निबंध को हटाने की कोशिशों के बावजूद इसे काफी लोगों ने पढ़ा है. इसी तरह सीता के भी कई रूप हैं.

Advertisement

वाल्मीकि रामायण में सीता अपने विचार खुलकर रखती हैं. खासकर जब राम उन्हें वनवास के दौरान साथ ले जाने से रोकते हैं, तब वह अपनी बात पर अड़ी रहती हैं. रावण के बार-बार प्रस्ताव देने पर भी वह उसे साफ इनकार कर देती हैं. वहीं, 'अद्भुत रामायण' में सीता एक ऐसी योद्धा के रूप में सामने आती हैं, जो राक्षसों का वध करती हैं. कुछ पौराणिक ग्रंथों में सीता को उनकी असली छवि के बजाय एक मायावी प्रतिरूप के रूप में भी दिखाया गया है.

कैसा है सीता का किरदार

इतने जटिल किरदार को पर्दे पर निभाना आसान नहीं है. सीता एक तरफ दिव्य हैं, तो दूसरी तरफ मानवीय भी. उनकी अपनी अलग पहचान और विचार हैं, लेकिन वह अपने जीवनसाथी के प्रति भी पूरी तरह समर्पित हैं. 21वीं सदी के नजरिए से ऐसे किरदार को समझना और निभाना और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है.

Advertisement

जैसा कि अभिनेत्री साई पल्लवी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था,''क्या कला ऐसी जगह जिंदा रह सकती है, जहां पहले से ही इतने मजबूत विचार और धारणाएं मौजूद हों?'' भारत जैसे भौगोलिक और भाषाई विविधता वाले देश में साई पल्लवी को सीता की भूमिका दिए जाने पर विवाद होना कोई हैरानी की बात नहीं है.

लेकिन लेखक श्रीधर पिल्लई सवाल करते हैं कि आखिर उनकी जगह किसी और को लिया भी किसे जाता? वह कहते हैं, ''साई पल्लवी बेहतरीन अभिनेत्री हैं, शानदार डांसर हैं. पर्दे के बाहर उनकी छवि बेदाग है और जिन निर्देशकों तथा सह-कलाकारों के साथ उन्होंने काम किया है, उनके बीच उनका काफी सम्मान है.''

निजी जीवन में कैसी हैं साई पल्लवी

साई पल्लवी की एक खास बात यह भी है कि वह पर्दे पर या निजी जिंदगी में ऐसे कपड़े पहनने से बचती हैं, जिनमें शरीर ज्यादा दिखता हो. फिल्म के प्रचार के दौरान उनके सह-कलाकार रणबीर कपूर ने भी बार-बार कहा कि साई पल्लवी के व्यक्तित्व में पवित्रता और आध्यात्मिकता झलकती है. इससे उनकी इस छवि को और मजबूती मिली.

न्यूयॉर्क के मनोचिकित्सक डॉ. नील के अग्रवाल ने भी इस बहस पर अपनी राय रखी है. उन्होंने हाल ही में 'हिंदूज, मुस्लिम्स एंड ग्रुप आइडेंटिटीज: इनसाइट्स फॉर ग्लोबल पीसबिल्डिंग' नाम की किताब लिखी है. इसमें रामायण की करीब 500 साल की मुस्लिम व्याख्याओं पर चर्चा की गई है.
डॉ. अग्रवाल कहते हैं, ''मुझे सीता का वह रूप पसंद है, जिसमें उन्हें हथियार चलाने में माहिर दिखाया गया है. यह स्वाभाविक भी है, क्योंकि वह एक क्षत्रिय राजा की बेटी थीं. उन्होंने कई बार लक्ष्मण की जान भी बचाई थी.'' उनका मानना है कि सीता की भूमिका के लिए साई पल्लवी सही चुनाव हैं. वह कहते हैं, ''साई पल्लवी दक्षिण भारत से हैं, जैसे यश हैं. इससे फिल्म को पूरे भारत में दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलती है.''

फिल्म के बॉक्स ऑफिस आंकड़े भी दक्षिण भारत में इसकी लोकप्रियता की ओर इशारा करते हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, रिलीज के बाद पहले शनिवार को मलयालम संस्करण के सिनेमाघरों में दर्शकों की मौजूदगी सबसे ज्यादा 83 फीसद रही. तमिल संस्करण भी 78.5 फीसद के साथ दूसरे स्थान पर रहा. तमिल संस्करण ने अकेले उस दिन 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की. फिल्म ने दक्षिण भारत में पहले चार दिनों में करीब 96 करोड़ रुपये कमाए. यह अच्छी कमाई मानी जा सकती है, खासकर तब जब इसी अवधि में फिल्म की पूरे देश में कुल नेट कमाई 238 करोड़ रुपये बताई गई.

साई पल्लवी सेंथमराई कन्नन मूल रूप से नीलगिरी की बडगा समुदाय से हैं. वह पेशे से डॉक्टर भी हैं.वो कई भाषाएं बोल सकती हैं. यही वजह है कि पूरे भारत के दर्शकों से जुड़ने की क्षमता रखने वाले कलाकार के रूप में उन्हें देखा जाता है. आज के उस दौर में, जब हर कोई सोशल मीडिया पर मौजूद है, साई पल्लवी की एक और खासियत है कि वह वहां बहुत कम दिखाई देती हैं. उनके इंस्टाग्राम पोस्ट आमतौर पर उनकी फिल्मों के पोस्टर और ट्रेलर तक सीमित रहते हैं. कभी-कभी वह अपनी बहन पूजा और अपने माता-पिता के साथ तस्वीरें भी साझा करती हैं. उनके पिता कन्नन सेंट्रल एक्साइज विभाग में अधिकारी रहे हैं, जबकि उनकी मां राधा डांसर हैं.

क्या कोई एक्टर सबको खुश कर सकता है

हर किसी को खुश करना कितना मुश्किल है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण 2023 में आई फिल्म 'आदिपुरुष' में सीता की भूमिका के लिए कृति सेनन का चयन था. कृति सेनन को कई वजहों से सोशल मीडिया पर निशाना बनाया गया. एक दृश्य में बिना ब्लाउज के दिखने पर उन्हें ट्रोल किया गया. साल 2020 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्रों के समर्थन में ट्वीट करने पर भी उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा. यहां तक कि तिरुपति के भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद फिल्म के निर्देशक ओम राउत के प्रति अपनापन दिखाने वाले उनके एक हावभाव पर भी विवाद हुआ.

ऐसे में सीता का किरदार चाहें साई पल्लवी निभाएं या कृति सेनन, ऐसा लगता है कि सबको खुश कर पाना मुमकिन नहीं है.

(डिस्क्लेमर: लेखक एक वरिष्ठ पत्रकार हैं.वो अलग-अलग पत्र पत्रिकाओं में लेख लिखती रहती हैं. इस लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी हैं, उनसे एनडीटीवी का सहमत या असहमत होना जरूरी नहीं है.)

Topics mentioned in this article
Ramayana
Sai Pallavi
Kriti Senon