Patna News: बिहार की सियासत में इन दिनों नीति और नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी (Vijay Chaudhary) और जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा (Umesh Singh Kushwaha) ने शनिवार को एक बड़ी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान विजय चौधरी ने साफ लहजे में कहा, 'भले ही सरकार का नेतृत्व बीजेपी कर रही है, लेकिन सरकार चलाने का तरीका आज भी नीतीश कुमार (Nitish Kumar) का ही है.'
'सम्राट चौधरी चल रहे हैं नीतीश के रास्ते पर'
विजय चौधरी ने कहा कि वर्तमान सरकार, जो सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी है, उसका रास्ता और तरीका नीतीश कुमार ने ही तय किया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है. विपक्ष लगातार मुद्दों को भड़काने की कोशिश करता है, लेकिन बिहार में सांप्रदायिकता के लिए कोई जगह नहीं है. बीजेपी ने भी स्पष्ट किया है कि सरकार नीतीश कुमार के विजन पर ही आगे बढ़ेगी.
मुस्लिम समुदाय और वक्फ पर विपक्ष को घेरा
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुस्लिम समुदाय को लेकर विपक्ष के 'खेल' पर तीखा प्रहार किया. उन्होंने कहा, 'विपक्ष बीजेपी के नाम पर मुस्लिम समुदाय का शोषण कर रहा है. विपक्ष ने वक्फ संशोधन को लेकर अफवाह फैलाई कि सरकार संपत्ति हड़पना चाहती है. मैं पूछता हूं, अब तक सरकार ने किसकी संपत्ति हड़पी?'
विजय चौधरी ने आगे कहा कि मुस्लिम समाज के असली मददगार नीतीश कुमार हैं, यह समाज अब समझ चुका है. जैसे मुस्लिम समुदाय पहले सुरक्षित था, वैसे ही आज भी सुरक्षित है. उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है. मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और शिक्षा के क्षेत्र में इस समुदाय के लिए बिहार में जो काम हुआ, वह किसी और राज्य में नहीं हुआ.
'कातिलों को हेलिकॉप्टर में घुमाते हैं विपक्ष के लोग'
इस मौके पर विजय चौधरी ने विपक्ष की नीतियों को 'झूठ और फरेब' करार दिया. उन्होंने एक बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष के लोग कातिलों को हेलिकॉप्टर पर ले जाकर सम्मानित करते हैं. उन्होंने तंज कसा कि विपक्ष इतना चालाक है कि मददगारों को गुनाहगार और गुनाहगारों को मददगार बना देता है. अंत में उन्होंने भरोसा जताया कि मुस्लिम समुदाय अब एनडीए की मुख्यधारा की नीतियों के साथ चलने के लिए पूरी तरह तैयार है और 2025-30 के विजन को लेकर एनडीए जनता के बीच मजबूती से खड़ा है.
ये भी पढ़ें:- स्कूल में पानी पीते ही बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 13 हॉस्पिटल में भर्ती














