- निशांत कुमार, अब सक्रिय राजनीति में प्रवेश कर गए हैं और उपमुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं चल रही हैं
- निशांत कुमार ने जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं और दो दर्जन विधायकों के साथ पार्टी की रणनीति पर बैठक की
- बैठक में बिहार की योजनाओं को सफल बनाने और पार्टी में युवा नेताओं की भूमिका मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आने के फैसले के साथ ही सक्रिय हो गए हैं. कुछ समय पहले तक निशांत के राजनीति में आने के बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था, लेकिन अब उनको उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चाएं हैं. ऐसे में निशांत जेडीयू के बड़े नेताओं से बैठकें करनी शुरू कर दी हैं. शुक्रवार को निशांत कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर लगभग दो दर्जन विधायकों के साथ बैठक की. इस बैठक में संजय झा के अलावा परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और कई वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ एक दर्जन से ज्यादा युवा विधायक शामिल हुए.
बैठक में क्या हुई चर्चा?
निशांत कुमार के कंधों पर अब जेडीयू को आगे ले जाने की जिम्मेदारी है. इसके लिए वह लगातार पार्टी के नेताओं से मिल रहे हैं. बताया जा रहा है कि शुक्रवार को हुई बैठक में भी निशांत कुमार ने वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी को आगे ले जाने के रणनीतियों पर चर्चा की है. युवा विधायकों के साथ बिहार की योजनाएं और कैसे सफल हों और पार्टी में युवाओं की और मजबूत भागीदारी कैसे बने इन बातों पर चर्चा की गई.
ये भी पढ़ें :- नीतीश के राज्यसभा वाले फैसले पर मीटिंग में रो पड़े कई JDU नेता, बिहार सीएम बोले- मैं हूं न...
बिहार भ्रमण पर निकलेंगे निशांत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले और नामांकन दाखिल करने के बाद से जदयू कार्यकर्ताओं और जनता में भारी रोष था. इस बीच शुक्रवार को विधानमंडल की बैठक बुलाई गई. इसमें निशांत कुमार को एक्टिव पॉलिटिक्स में लाने पर मुहर लगी. निशांत कुमार जल्द ही जदयू ज्वॉइन करेंगे और पिता नीतीश कुमार की तरह बिहार भ्रमण पर निकलेंगे. इस बैठक में नीतीश कुमार के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, मंत्री और विधायक मौजूद थे. विधायकों ने अपने दुख को प्रकट किया. नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया है कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, वे दिल्ली में रहेंगे, लेकिन बिहार के विकास के लिए हमेशा उनका आना-जाना लगा रहेगा.
ये भी पढ़ें :- उमेश कुशवाहा तीसरी बार बने बिहार जेडीयू के अध्यक्ष, 'लव-कुश' समीकरण को धार देने की तैयारी














