बिहार: आंख फोड़ी-कान में घुसाया पेचकश...14 वर्षीय छात्र की खदान में मिली लाश, दोस्तों के साथ निकला फिर नहीं लौटा

नवादा में 14 वर्षीय छात्र की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई है. लापता छात्र का शव खदान से बरामद हुआ और उसके शरीर पर बर्बरता के निशान मिले हैं. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नवादा में 14 वर्षीय छात्र की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई है.

Bihar News: बिहार के नवादा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. नवादा शहर के गोनावां गांव का रहने वाला 14 वर्षीय छात्र वंशराज, जो शुक्रवार को अपने दोस्तों के साथ स्कूल के लिए निकला था, वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों की बेचैनी तब मातम में बदल गई जब करीब 20 घंटे बाद उसका शव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोनी पहाड़ स्थित एक बंद पत्थर खदान के पानी से बरामद किया गया. मृतक नौवीं कक्षा का छात्र था.

आंख फोड़ी और कान में घुसाया पेचकस

शव की हालत देखकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए. वंशराज के पिता संतोष सिन्हा ने आरोप लगाया है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं बल्कि एक सुनियोजित और क्रूर हत्या है. उन्होंने बताया कि छात्र की आंखें बुरी तरह क्षतिग्रस्त की गई थीं और उसके कान में पेचकस घुसाया गया था. परिजनों का दावा है कि गांव के ही चार लड़कों ने मिलकर वंशराज की बेरहमी से पिटाई की और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गहरे पानी में फेंक दिया.

सड़क पर उतरा जन-आक्रोश 

इस बर्बरता की खबर जैसे ही गांव में फैली, ग्रामीण उग्र हो गए. पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी, तभी लोगों ने मोती बिगहा के पास एंबुलेंस रोक ली और शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और जमकर नारेबाजी की. लोगों का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना पर समय रहते तत्परता नहीं दिखाई. काफी मशक्कत और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही जाम खुलवाया जा सका.

जांच में जुटी पुलिस, एक संदिग्ध हिरासत में

नवादा एसपी अभिनव धीमान खुद इस संवेदनशील मामले की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- ब्यावर के लाल का कमाल, 18 की उम्र में बनाया पैसिव सोनार डिसेप्शन सिस्टम, दुश्मन के रडार होंगे फेल

Featured Video Of The Day
सूर्या के कातिल असद का जहां हुआ एनकाउंटर, वहां से LIVE रिपोर्ट