बिहार में एक नींबू तोड़ने पर बच्चे को पीट-पीट कर मार डाला, भीड़ बदला लेने पहुंची तो हुआ पथराव; 60 थानों की पुलिस तैनात

Nalanda Lemon Murder Case: बिहार के नालंदा में एक नींबू तोड़ने पर 12 साल के मासूम की लाठी से पीटकर हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव फैल गया और उग्र भीड़ ने आरोपियों के घर पर हमला कर दिया. जानिए अब वहां कैसे हालात हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
नालंदा में नींबू तोड़ने पर बच्चे की हत्या के बाद तनाव फैल गया, जिसके बाद भारी पुलिसबल को मौके पर तैनात करना पड़ा.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार को एक ऐसी घटना सामने आई जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है. अस्थावां थाना क्षेत्र के सकरावां गांव में महज 2 रुपये की कीमत वाले एक नींबू को तोड़ने पर 12 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. इस हत्याकांड के बाद गांव में भारी बवाल हुआ, जिसके बाद इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.

नींबू तोड़ने पर बरसाईं लाठियां

जानकारी के मुताबिक, मृतक शुभम कुमार उर्फ झगड़ू अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था. तभी उसने पड़ोसी गोरख मियां के घर में लगे पेड़ से एक नींबू तोड़ लिया. इस मामूली बात पर आरोपी इतना भड़क गया कि उसने मासूम पर लाठियों की बरसात कर दी. सिर फटने और बहुत ज्यादा खून बहने के कारण अस्पताल ले जाते समय शुभम ने दम तोड़ दिया.

Photo Credit: NDTV Reporter

बच्चे का शव हाथों में लेकर आरोपी को सजा देने दौड़ी भीड़

बच्चे की मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण 'हत्या के बदले हत्या' के नारे लगाते हुए आरोपियों के घर की ओर दौड़ पड़े. उग्र भीड़ ने 3-4 घरों के दरवाजे तोड़ दिए और वाहनों में तोड़फोड़ की. जब पुलिस ने भीड़ को रोकने की कोशिश की, तो आक्रोशित लोगों ने पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी चोटिल हो गए. स्थिति बेकाबू होते देख सुरक्षा बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा.

Photo Credit: NDTV Reporter

60 थानों की पुलिस को बुलाना पड़ा

तनाव को देखते हुए पटना और नालंदा जिले के करीब 60 थानों की पुलिस, क्यूआरटी फोर्स और 500 से अधिक सुरक्षा बल गांव पहुंच गए. डीएम कुंदन कुमार और एसपी भारत सोनी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं. इलाके में सांप्रदायिक सौहार्द न बिगड़े, इसके लिए इंटेलिजेंस को सक्रिय कर दिया गया है और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है.

Advertisement

इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती है.
Photo Credit: NDTV Reporter

12 गिरफ्तार, कठोर सजा की तैयारी

एसपी भारत सोनी ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी परिवार के 12 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है. एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. एसपी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाएगी. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल फ्लैग मार्च कर रहा है.

ये भी पढ़ें:- 6 राज्यों से तस्करी कर बिहार लाई गईं 44 लड़कियां, भोजपुरी फिल्म में हीरोइन बनाने की कहकर करवाते थे अश्लील डांस

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Suvendu Action | NEET Paper Leak | NEET से लेकर बंगाल में एक्शन तक सब कुछ! | BJP