- मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने बिहार से शराबबंदी हटाने का समर्थन किया और इसे फिर से शुरू करने की बात कही
- अनंत सिंह ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद लोग छिपकर शराब पी रहे हैं और इससे गलत नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है
- उन्होंने सुझाव दिया कि सड़क पर खुलेआम शराब पीने वालों को जेल भेजने के सख्त नियम बनाए जाने चाहिए
बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने नए सीएम सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद शराबबंदी हटाए जाने का समर्थन किया. अनंत सिंह ने कहा कि शराबबंदी फिर से शुरू होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू होने के समय उन्होंने भी समर्थन किया था लेकिन फिर भी लोग तो पी ही रहे हैं. वह पीना बंद कहां कर रहे हें. साथ ही गलत नशा कर रहे हैं. वो अलग बात है कि लोग सड़क पर खुलेआम नहीं पी रहे हैं. लेकिन छिपकर तो पी ही रहे हैं. सम्राट चौधरी सरकार को फिर से दारू शुरू कर देनी चाहिए. साथ ही ये भी नियम बनाए कि अगर सड़क पर दारू पीते पकड़े गए तो सीधे भीतर (जेल) जाएंगे.
अनंत सिंह ने कहा कि लोग गांव में अभी भी दारू पी ही रहे हैं. और ऊल-जुलूल हरकतें भी कर रहे हैं. ये लोग बिल्कुल बर्बाद हो जाएंगे. ये गलत है. शराबबंदी अब खत्म होनी चाहिए. बता दें कि अनंत सिंह से पहले RLM पार्टी से विधायक माधव आनंद ने भी शराबबंदी की समीक्षा की मांग उठाई थी.
सीएम सम्राट चौधरी से मिले अनंत सिंह
अनंत सिंह ने बताया कि उन्होंने सम्राट चौधरी को बधाई दी और मोकामा क्षेत्र के लिए एक अस्पताल की मांग की. साथ ही कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे, ये उनका आखिरी चुनाव था. इसके साथ ही नीतीश के बेटे निशांत को सरकार में कोई पद न मिलने पर अनंत ने कहा कि वह पहले सीखना चाहते हैं, लेकिन जनता चाहती थी कि उन्हें कोई पद मिले. उनके राजनीति में आने पर विधायक ने कहा कि अगर उसकी इच्छा नहीं है, तो मैं क्या कर सकता हूं.
अनंत ने तेजस्वी यादव पर कही बड़ी बात
वहीं तेजस्वी यादव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनका तो नाम लेना भी व्यर्थ है. हम उनके बारे में सिर्फ इसलिए बात करते हैं क्योंकि वह लालू यादव के बेटे हैं. बाकी उनमें कौन सी क्वालिटी है? अनंत सिंह ने कहा कि अब बिहार से शराबबंदी हटाई जानी चाहिए, यहां शराब बेचने और पीने की परमिशन दी जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें- बिहार में शराबबंदी की समीक्षा हो, रेवेन्यू दूसरे राज्यों में जा रहा... CM सम्राट से विधायक माधव आनंद की मांग













