- वैशाली के जक्कोपुर गांव में भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मैच के दौरान हुई कहासुनी ने किशोर की हत्या का रूप ले लिया
- 17 वर्षीय कुंदन कुमार ने भारत के विकेट गिरने पर खुशी जाहिर की, जिससे विवाद और गुस्सा बढ़ा
- आरोपी युवक ने कुंदन कुमार पर हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उसकी मौत रास्ते में हो गई
वैशाली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां भारत-न्यूजीलैंड के बीच टी-20 विश्वकप का फाइनल मैच देखते समय हुए मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि एक किशोर की जान चली गई. मामला महनार थाना क्षेत्र के जक्कोपुर गांव का है, जहां 17 साल के कुदन कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. किशोर का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने भारत का विकेट गिरने पर हल्ला मचाना शुरू कर दिया. इसी बात पर बात बिगड़ी और मामले ने क्राइम का रूप ले लिया.
एक विकेट ने ले ली जान
घटना जक्कोपुर गांव में कुछ युवक टीवी पर भारत और न्यूजीलैंड का मैच देख रहे थे. इसी दौरान मैच में भारत का एक विकेट गिरा, जिस पर वहां मौजूद एक युवक जोर-जोर से हल्ला करने लगा.बस इसी बात पर दूसरे युवक को गुस्सा आ गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी युवक ने 17 वर्षीय कुंदन कुमार को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर जोरदार हमला कर दिया.हमले में कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत महनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया.हाजीपुर में भी हालत नाजुक रहने के कारण डॉक्टरों ने उसे पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया, लेकिन पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही किशोर ने दम तोड़ दिया.
पूरा परिवार घर में ताला लगाकर फरार
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों में भारी आक्रोश है.आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.एक छोटे से विवाद ने कैसे एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे गांव को तनाव में डाल दिया.फिलहाल महनार के SDPO प्रवीण कुमार घटना स्थल पर FSL की टीम के साथ जांच कर रहे हैं.पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है.हालांकि आरोपी पड़ोस का है और उसका नाम केशव कुमार है. वारदात के बाद से घर में ताला लगाकर पूरा परिवार फरार है.














