Bihar News: बिहार के गोपालगंज से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है. मीरगंज थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव में बुधवार की शाम से लापता 7 वर्षीय मासूम अनुज कुमार का शव बरामद हुआ है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बच्चे का शव उसी के घर के पास वर्षों से खड़ी एक कबाड़ कार के अंदर मिला. इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.
पहचान छिपाने की कोशिश
परिजनों के अनुसार अनुज बुधवार की शाम घर के बाहर खेल रहा था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा तो घर में कोहराम मच गया. परिजनों ने मीरगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और रात भर उसे ढूंढते रहे.
गुरुवार को जब पुलिस ने गहन तलाशी ली तो घर के पास खड़ी पुरानी कार में अनुज का शव बरामद हुआ. शव की स्थिति बेहद भयावह थी. कातिलों ने बच्चे के चेहरे पर कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे जलाने की कोशिश की थी ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके.
जांच में जुटी FSL और पुलिस टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया गया जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सैंपल एकत्र किए हैं. पुलिस का कहना है कि शव का घर के इतने करीब मिलना इस बात की ओर इशारा करता है कि अपराधी इलाके से ही जुड़े हो सकते हैं.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि टेक्निकल सेल और वैज्ञानिक टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. फिलहाल हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है लेकिन पुलिस ने जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस टीम लगातार संदिग्धों से पूछताछ कर रही है ताकि मासूम को न्याय मिल सके.
यह भी पढ़ें- सीएम भजनलाल शर्मा 22 मई को करेंगे कैबिनेट बैठक, इन 5 अहम फैसलों पर रहेगी नजर














