- बिहार के औरंगाबाद जिले के सैदपुर मोती बिगहा गांव में पांच सहेलियों ने एक साथ जहर खा लिया था
- इस घटना में चार लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लड़की ने समय पर जहर थूक दिया
- जहर खाने का कारण लड़कों के साथ घूमने पर माता-पिता की डांट-फटकार और इसके बाद हुई नाराजगी थी
बिहार के औरंगाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो दिल दहलाने वाला है. यहां 29 जनवरी को घर वालों की डांट-फटकार के बाद 5 सहेलियों ने एक साथ जहर खा लिया. इसमें चार सहेलियों की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में सिर्फ एक लड़की की जान बच सकी, क्योंकि उसने समय रहते जहर थूक दिया और घर जाकर उल्टियां कर दीं. इस घटना के बाद परिजनों ने चारों लड़कियों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया.
ये घटना हसपुरा थाना क्षेत्र के सैदपुर मोती बिगहा गांव की है. 29 जनवरी की शाम को पांचों सहेलियां गांव से दूर तालाब के पास गईं और वहां पक्षी मारने वाली जहरीली दवा खा ली. इसके बाद पांचों की तबियत बिगड़ गई. इसमें चार लड़कियों की तो मौके पर ही मौत हो गई. एक लड़की ने तुरंत दवा थूक दी और घर चली गई. उसने बताया कि घर वालों ने उसे नीम के घोल वाला पानी पिलाया, जिससे उसे उल्टियां हुईं और तबीयत सुधर गई.
इस घटना के बाद गांव वालों ने चारों लड़कियों का अंतिम संस्कार कर दिया. बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और सामाजिक दबाव के कारण परिजनों ने एक ही चिता पर चारों का अंतिम संस्कार कर दिया.
वहीं, दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि 29 जनवरी की शाम को पांचों सहेलियां लड़कों के साथ घूम रही थीं. तभी उनके माता-पिता ने देख लिया और उन्हें डांट दिया. इसी डांट से नाराज होकर पांचों सहेलियां तालाब के किनारे पहुंचीं और जहर खा लिया. पुलिस ने बताया कि घटना के दो दिन बाद इसकी जानकारी पुलिस को मिली थी. पुलिस ने बताया कि जिंदा बची लड़की का बयान दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.














