Bihar News: बिहार के बाढ़ अनुमंडल के पूरा गांव से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां अंधविश्वास और आपसी कलह के कारण एक कलयुगी बेटे और बहू ने मिलकर अपने ही बुजुर्ग माता-पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी. मामला 'डायन बिसाही' के शक और घर में 'चुड़ैल' भेजने जैसे बेबुनियाद आरोपों से जुड़ा है. इस हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ खूनी संघर्ष
घटना की शुरुआत तब हुई जब कृष्णा यादव अपनी बीमार छोटी बहू रिंकू देवी का इलाज करवाकर घर लौटे. घर पहुंचते ही बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई. रिंकू देवी के छोटे बेटे को उसके चचेरे भाइयों (बड़े बेटे के बच्चों) ने पीट दिया. जब रिंकू देवी ने बच्चों के इस झगड़े का विरोध किया तो विवाद ने एक भयानक रूप ले लिया.
अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का आरोप
विवाद के दौरान बड़े बेटे और बड़ी बहू ने छोटी बहू रिंकू देवी पर आरोप लगाया कि वह तंत्र-मंत्र करती है और उसने घर में 'चुड़ैल' भेज दी है. हमलावर रुख देखकर रिंकू देवी ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई. लेकिन गुस्साए बड़े बेटे और उसकी पत्नी का कहर बुजुर्ग माता-पिता पर टूट पड़ा.
माता-पिता की बेरहमी से पिटाई
जब कृष्णा यादव और उनकी पत्नी ने अपने बच्चों को समझाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की तो बड़े बेटे ने उन पर ही हमला बोल दिया. अपने ही खून ने माता-पिता को जमकर पीटा जिससे कृष्णा यादव लहूलुहान होकर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया जहां उनका उपचार चल रहा है.
यह भी पढ़ें- भारी भरकम कर्ज के बोझ से उबर रहा राजस्थान डिस्कॉम, 1352 करोड़ की देनदारी कम; वसूली में बनाया रिकॉर्ड














