Bihar Bankipur by-election News: बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है. वे भारतीय जनता युवा मोर्चा बिहार प्रदेश के उपाध्यक्ष हैं और लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. करीब 26 वर्षों से पार्टी और युवा मोर्चा से जुड़े अभिषेक कुमार ने अपनी राजनीतिक यात्रा एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में शुरू की थी और लगातार मेहनत, संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता के दम पर अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं.
बांकीपुर जैसी महत्वपूर्ण शहरी विधानसभा सीट पर बीजेपी ने ऐसे चेहरे पर भरोसा जताया है जो संगठन की जमीनी व्यवस्था को अच्छी तरह समझते हैं. वे मंडल मंत्री, महामंत्री, मंडल अध्यक्ष, पटना महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष और अब प्रदेश उपाध्यक्ष जैसे पदों पर काम कर चुके हैं.
संगठन में निभाई अहम जिम्मेदारी
अभिषेक कुमार 'बंटी' ने अपने राजनीतिक जीवन में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम किया है. वे पाटलिपुत्र मंडल और कृष्णा मंडल में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. मंडल मंत्री के रूप में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संपर्क, पार्टी कार्यक्रमों के आयोजन और स्थानीय मुद्दों को संगठन तक पहुंचाने का काम किया.
इसके बाद कृष्णा मंडल के महामंत्री और अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, सदस्यता अभियान चलाने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने में भूमिका निभाई. उनकी कार्यशैली को देखते हुए उन्हें पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़ने और नए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का काम किया.
अभिषेक कुमार बीजेपी उम्मीदवार
बांकीपुर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय पहचान
अभिषेक कुमार 'बंटी' का राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्षेत्र बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा रहा है. पश्चिम आनंदपुरी, बोरिंग कैनाल रोड, पाटलिपुत्र मंडल, कृष्णा मंडल और गौतम बुद्ध मंडल सहित क्षेत्र के कई हिस्सों में उनकी सक्रियता रही है.
स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पहचान एक सहज उपलब्ध, मेहनती और लगातार संपर्क में रहने वाले नेता की रही है. वे केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाले नेता नहीं माने जाते बल्कि पूरे साल संगठनात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी करते रहे हैं.
जनसंपर्क का लंबा अनुभव
बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार 'बंटी' ने कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों में संगठन के निर्देशों के अनुसार काम किया है. वर्ष 2005 से लेकर हाल के चुनावों तक वे बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ता बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और युवा टीमों के निर्माण जैसे कार्यों में सक्रिय रहे हैं.
2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान भी उन्होंने पटना शहर और पटना साहिब क्षेत्र में संगठनात्मक प्रचार और युवा मोर्चा की गतिविधियों में योगदान दिया. पार्टी में उनकी पहचान ऐसे कार्यकर्ता की रही है जो चुनावी जिम्मेदारी को संगठन की मजबूती से जोड़कर देखते हैं.
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
राजनीति के साथ अभिषेक कुमार 'बंटी' सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं. उन्होंने सेवा सप्ताह, स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम और सामाजिक आयोजनों में भागीदारी की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा सप्ताह कार्यक्रम में स्वच्छता कार्यों में योगदान के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र भी मिला है.
इसके अलावा वे छठ पूजा, नवरात्र और चित्रगुप्त पूजा जैसे सामाजिक और धार्मिक आयोजनों से भी जुड़े रहे हैं. युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के प्रयासों में उनकी भूमिका रही है.
बांकीपुर सीट पर बीजेपी के लिए क्यों अहम हैं बंटी
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से बीजेपी के लिए मजबूत सीटों में शामिल रहा है. ऐसे में पार्टी ने इस सीट पर संगठन के अनुभवी और स्थानीय पकड़ रखने वाले चेहरे को मौका दिया है. अभिषेक कुमार 'बंटी' के पास बूथ स्तर से लेकर प्रदेश संगठन तक काम करने का अनुभव है.
उनकी सबसे बड़ी ताकत कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद, क्षेत्र की राजनीतिक समझ और लंबे समय से बना जनसंपर्क नेटवर्क है. पार्टी को उम्मीद है कि उनका संगठनात्मक अनुभव और युवा मोर्चा में बनाई गई टीम बांकीपुर चुनाव में बीजेपी के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनावः प्रशांत किशोर के लिए कांग्रेस ने शुरू की फिल्डिंग, RJD से भी मिल सकता है समर्थन