Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराध की वारदात सामने आई है. जहां सहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ चौक पर दिनदहाड़े बाइक सवार बेखौफ अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर अंकित कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. बता दें कि कुछ समय पहले भी कपरपुरा रेलवे गुमटी के समीप दो बाइक सवार को अपना निशाना बनाया था और इसके बाद फिर से दिनदहाड़े बदमाशों ने दरभंगा पुराने मुख्य मार्ग के पास जमीन कारोबारी की गोली से बीच सड़क पर छलनी कर दिया था.
ननिहाल में रहता था अंकित
मूल रूप से वैशाली जिले के महुआ का रहने वाला अंकित कुमार काफी समय से अपने ननिहाल मुसहरी के पहलादपुर गांव में रह रहा था. वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था. दिन के समय वह किसी काम के सिलसिले में रोहुआ चौक पहुंचा था. तभी घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं.
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल अंकित को लेकर अस्पताल भागे लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अंकित पर पांच गोलियां चलाई गईं.
सीसीटीवी में कैद हुई अपराधियों की करतूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई. मुसहरी पुलिस के साथ वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे. अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है जिसमें भागते हुए आरोपी कैद हुए हैं. फॉरेंसिक टीम (FSL) ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं.
पुलिस की कार्रवाई तेज
एक तरफ सरकार और पुलिस तंत्र एनकाउंटर और सख्त कानून व्यवस्था के दावे कर रहे हैं लेकिन मुजफ्फरपुर की इस घटना ने उन दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है. फिलहाल पुलिस की विभिन्न टीमें अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने घेराबंदी तेज कर दी है.
यह भी पढ़ें- जिंदगी-मौत की जंग हार गई 8 महीने की बच्ची, मां ने पिलाया था तेजाब














