बिहार: व्यूज बढ़ाने का ये कैसा जुनून! स्टेशन पर कोल्डड्रिंक से नहाई महिला, RPF ने किया गिरफ्तार

इस घटना को लेकर रेलवे अधिकारियों का मानना था कि इस तरह की गतिविधियां स्टेशन परिसर की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. रिपोर्ट- गोविंद कुमार

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बिहार में रेलवे प्लेटफॉर्म पर रील बनाना महिला को भारी पड़ गया.

बिहार में सोशल मीडिया पर फेसम होने की चाहत में रेलवे स्टेशन पर बनाई गई एक रील अब कानूनी कार्रवाई की वजह बन गई है. बख्तियारपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म पर एक महिला द्वारा सिर पर कोल्डड्रिंक उड़ेलकर नहाने का वीडियो कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच शुरू कर दी.

रेलवे अधिकारियों का मानना था कि इस तरह की गतिविधियां स्टेशन परिसर की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं. इसी कारण वीडियो के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच शुरू की गई.

डिजिटल जांच से खुली पूरी कहानी

RPF को जांच के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न शिकायतों के जरिए अहम सुराग मिले. वीडियो में दिखाई दे रही महिला की पहचान वर्षा देवी (26) के रूप में हुई. वह पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बहरामा वार्ड नंबर-7 की रहने वाली हैं.

जब जांच टीम ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट की पड़ताल की तो 'Mahi Paswan 334' नाम की इंस्टाग्राम आईडी सामने आई. इस अकाउंट की जांच में पता चला कि केवल एक वीडियो ही नहीं बल्कि रेलवे परिसर में कई अन्य रील और वीडियो भी बनाए गए थे.

Advertisement

दो अन्य कंटेंट क्रिएटर भी आए गिरफ्त में

जांच आगे बढ़ने पर RPF को इस काम में शामिल दो अन्य लोगों की भी जानकारी मिली. इसके बाद बंटी कुमार (22) और सरिता कुमारी (21) को भी हिरासत में लिया गया. बंटी पटना के आदमपुर क्षेत्र का निवासी है जबकि सरिता कुमारी बाढ़ के हरौली इलाके की रहने वाली है. तीनों को बख्तियारपुर RPF पोस्ट लाकर पूछताछ की गई. अधिकारियों ने उनके खिलाफ रेलवे नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया.

रेलवे एक्ट के तहत हुई कार्रवाई

RPF ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 145 और 147 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है. रेलवे का कहना है कि स्टेशन परिसर सार्वजनिक उपयोग की जगह है जहां यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है.

Advertisement

अधिकारियों के मुताबिक सोशल मीडिया के लिए इस तरह की गतिविधियां यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर सकती हैं और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी.

रेलवे का साफ संदेश

पूरी कार्रवाई बख्तियारपुर RPF इंस्पेक्टर जवाहरलाल के नेतृत्व और अवर निरीक्षक चक्रपाणि कुमार की तकनीकी टीम की मदद से की गई. रेलवे सुरक्षा बल ने इस मामले के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि रेलवे स्टेशन कोई शूटिंग लोकेशन नहीं है. RPF ने चेतावनी दी है कि लाइक्स और व्यूज के लिए रेलवे परिसरों में अनुशासन तोड़ने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है. भविष्य में भी रेलवे की सुरक्षा और व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें- जमुई, बांका और समस्तीपुर के बाद अब गया में कपल से बदसलूकी : पहाड़ी पर घेर कर मारपीट, आरोपियों में 4 नाबालिग भी


Topics mentioned in this article
Bihar News
Bihar RPF Action
Patna News