Bihar News: बिहार का दानापुर रेलवे स्टेशन इन दिनों वन्यजीवों की अवैध तस्करी का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है. हाल ही में रेल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राष्ट्रीय कछुआ तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रेन से 19 जीवित कछुए बरामद किए हैं और इसके साथ ही तस्करी के आरोप में एक पति-पत्नी को भी गिरफ्तार किया है. यह घटना साबित करती है कि कछुओं की तस्करी का जाल अब स्थानीय नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर फैल चुका है.
स्टेशन पर संदिग्ध हालत में दिखे तस्कर
यह कामयाबी रेल पुलिस को उस समय मिली जब सुरक्षा के लिहाज से स्टेशन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर (Si) गौतम कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची. वहां खड़ी ट्रेन संख्या 15744 फरक्का एक्सप्रेस में गश्त के दौरान, पुलिस टीम को कोच नंबर एस/02 के शौचालय के पास एक दंपत्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया. जब पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली, तो उनके पास से 19 कछुए बरामद हुए.
यूपी से बांग्लादेश तक जुड़ा नेटवर्क
पूछताछ में यह बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन कछुओं को उत्तर प्रदेश से लाया गया था. तस्करों का प्लान इन कछुओं को पश्चिम बंगाल के रास्ते सीमा पार कराकर बांग्लादेश भेजने का था. पकड़े गए दंपत्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के देहात कोतवाली हनुमानगढ़ थाना क्षेत्र के पगड़ी निवासी बबलू और उसकी पत्नी वितिया के रूप में हुई है. महिला आरोपी वितिया को तुरंत महिला पुलिस की निगरानी में ले लिया गया.
आगे कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपा
रेल थानाध्यक्ष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को कछुओं के साथ हिरासत में ले लिया गया था. चूंकि वन्यजीवों से जुड़ा मामला बेहद संवेदनशील होता है, इसलिए कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तस्कर दंपत्ति और जब्त किए गए 19 कछुओं को आगे की पूछताछ और कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया है. वन विभाग अब इस पूरे सिंडिकेट के मुख्य सरगना की तलाश में जुट गया है.
यह भी पढ़ें- मुंबई एयरपोर्ट पर 40 से ज्यादा दुर्लभ सांपों और अन्य वन्य जीवों को ले जा रहा शख्स गिरफ्तार