Bihar News: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में पुलिस और एसटीएफ ने एक बड़े अवैध करेंसी एक्सचेंज नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. सब्जी बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान पर अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. गुप्त सूचना के आधार पर रक्सौल पुलिस और पटना एसटीएफ की संयुक्त टीम ने जब दुकान की तलाशी ली तो वहां से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई.
क्या है पूरा मामला
प्रशिक्षु आईपीएस सह थानाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये की नकदी जब्त की है. इसमें 17 लाख 85 हजार नेपाली रुपये और 13 लाख भारतीय रुपये शामिल हैं. मिठाई की दुकान की आड़ में पिछले काफी समय से यहां संगठित तरीके से करेंसी बदलने का अवैध धंधा चल रहा था.
दो गिरफ्तार और पूछताछ जारी
पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद साहेब और रतन कुमार के रूप में हुई है. मोहम्मद साहेब इस पूरे अवैध नेटवर्क को चला रहा था, जबकि रतन कुमार वहां पैसे एक्सचेंज करवाने के लिए पहुंचा था. पुलिस फिलहाल दोनों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बड़े फाइनेंसरों और सीमा पार के संदिग्ध कनेक्शनों का पता लगाया जा सके.
बॉर्डर पर कड़ी निगरानी
इस बड़ी कार्रवाई के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने साफ कर दिया है कि सीमावर्ती इलाकों में अब किसी भी तरह की गैरकानूनी आर्थिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
यह भी पढ़ें- सीएम भजनलाल शर्मा ने डूंगरपुर जाते वक्त सड़क पर खरीदे आम, खुद भी खाया ग्रामीणों को भी खिलाया














