Bihar Deputy CM on liquor Ban: बिहार में सम्राट चौधरी के नए सीएम बनने के बाद अब इस बात का मुद्दा उठने लगा है कि राज्य में शराबबंदी जारी रहेगी या सत्ता परिवर्तन के साथ ही इसमें भी बदलाव देखने को मिलेगा. इन तमाम अटकलों पर शुक्रवार को विराम लग गया. विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि शराबबंदी कानून को और भी सख्ती से लागू किया जाएगा.
कानून की सार्थकता उसके मूल उद्देश्य का पूरा होना
विधानसभा में चर्चा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कानून हमारे नेता (पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार) के जरिए पेश किया गया था, जिसे सदन की सर्वसम्मति से पारित किया गया था. कानून की सार्थकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इसका मूल उद्देश्य शराब के सेवन को अपराध की श्रेणी में लाना था. उन्होंने तर्क दिया कि यदि शराब पीने वाले, इसका अवैध व्यापार करने वाले या भंडारण करने वाले लोग पकड़े जा रहे हैं और उन्हें कानून के तहत सजा मिल रही है, तो इसे कानून की विफलता नहीं माना जा सकता.
विपक्ष के आरोपों पर तीखा प्रहार
विजय चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि जब यह कानून पारित हो रहा था, तब हम अध्यक्ष की कुर्सी पर थे और आज के विपक्षी दल हमारे साथ थे. आज अगर कहीं कोई अप्रिय घटना होती है, तो सब यह साबित करने में जुट जाते हैं कि मौत जहरीली शराब से हुई है, लेकिन कोई यह नहीं कहता कि शराब पीना ही गलत है.
महात्मा गांधी और संविधान का हवाला
डिप्टी सीएम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि शराब का सेवन व्यक्ति के व्यवहार को पशुवत बना देता है. उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 47 (Article 47) का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार का यह संवैधानिक दायित्व है कि वह जनता के स्वास्थ्य की रक्षा करे और नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक लगाए.
शराब बंदी पर एक इंच भी पीछे नहीं हटेगी सरकार
सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि शराब से होने वाली मौतें इस कानून की विफलता नहीं, बल्कि इसके औचित्य को और पुख्ता करती हैं. विजय कुमार चौधरी ने दोहराया कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू की गई यह मुहिम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में भी जारी रहेगी. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार इस मुद्दे पर एक इंच भी पीछे हटने वाली नहीं है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.













