Bihar: पिता अस्पताल में कैंसर से लड़ रहा जिंदगी की जंग, उधर 6 साल के बेटे को वैन ने कुचला... पसरा मातम

बिहार के समस्तीपुर में एक दर्दनाक हादसे में स्कूली वैन की चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई. पहले से कैंसर से जूझ रहे पिता के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और गांव में मातम छा गया. समस्तीपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बिहार के समस्तीपुर में एक दर्दनाक हादसे में स्कूली वैन की चपेट में आकर 6 वर्षीय मासूम की मौत हो गई.

Bihar News: बिहार में समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता दक्षिणी पंचायत के सगमा टोला में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया. 6 साल का अभिषेक कुमार अपने घर के बाहर खेल रहा था. तभी गांव में चलने वाली एक निजी स्कूल वैन अचानक रिवर्स होने लगी. चालक की लापरवाही इतनी गंभीर थी कि उसे पीछे खड़े मासूम का ध्यान ही नहीं रहा और अभिषेक उसकी चपेट में आ गया.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें

घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे. गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत समस्तीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई.

बीमार पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

अभिषेक के पिता नीरज कुमार राय पहले से ही कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और दिल्ली के एम्स में इलाज करा रहे हैं. बेटे की मौत की खबर सुनकर उनकी हालत और बिगड़ गई. वहीं मां, जो पति की देखभाल के लिए दिल्ली में थी, बेटे की खबर मिलते ही गांव के लिए रवाना हो गई. एक मां के लिए यह सफर बेहद दर्दनाक बन गया.

तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था अभिषेक

अभिषेक अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था. उसकी एक बड़ी बहन और एक भाई है, जो अब अपने छोटे भाई की यादों के साथ रह जाएंगे. गांव के लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और परिवार के दुख में शामिल हो रहे हैं.

Advertisement

पुलिस कर रही कार्रवाई की तैयारी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अंगारघाट थाना पुलिस के अनुसार परिजनों के आवेदन का इंतजार किया जा रहा है. आवेदन नहीं मिलने पर चौकीदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- जालोर की 'लाडो' ने लक्षिता कंवर ने रचा इतिहास, RPSC स्कूल व्याख्याता परीक्षा में राजस्थान टॉप

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Ceasefire के बाद इजरायल के लेबनान पर भीषण हमले, ग्राउंड रिपोर्ट से समझें हालात