Patna Zoo News: बिहार में गर्मी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से 5 मई तक तापमान में और ज्यादा वृद्धि की संभावना है. बढ़ती गर्मी से सिर्फ आमलोग ही नहीं, बल्कि वन्य जीव भी खासे परेशान हैं. पटना जू में जानवरों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. नाइट-हाउस में 17 कूलर और 53 पंखे लगाए गए हैं, ताकि तापमान सामान्य बना रहे. सेल और छत पर पानी से पटवन किया जा रहा है. वन्यजीवों के शरीर पर भी पानी का छिड़काव किया जा रहा है. 11 AC की व्यवस्था भी की गई है.
किस जानवर के लिए क्या व्यवस्था?
- भालू, तेंदुए, बाघ, शेर, लकड़बग्घा, स्मॉल कैट, हिमालयन भालू, चिम्पांजी, हुलॉक गिबन के नाइट हाउस में 17 कूलर और 53 पंखे लगाए गए हैं.
- सांपों के सेल में AC की व्यवस्था की गई है. सांप घर, मछली घर में 11 AC लगाए गए हैं.
- ऑस्ट्रिच, भालू के इनक्लोजर में फाउंटेन लगाए गए हैं.
- पक्षियों के केज और हिरणों के इनक्लोजर में मिस्ट फ़ोगर, स्प्रिंकल लगाया गया है.
- पूरे परिसर में लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि तापमान सामान्य बना रहे. सभी जानवरों की 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है.
भोजन में भी किया गया बदलाव
गर्मी के करण जानवरों के आहार में भी बदलाव किया गया है. ज्यादातर वन्यजीवों के भोजन को कम किया गया है. उन सभी को ग्लूकोस एवं मल्टीविटामिन तथा लू से बचने की दवाइयां दी जा रही हैं. ग्लूकोन-डी और इलेक्ट्रॉल पाउडर भी पिलाया जा रहा है. चिम्पांजी को नारियल पानी, तरबूज, ककड़ी, खीरा, केला, दही-भात, अनार का रस, अंगूर, संतरा जैसे रसदार फल खिलाए जा रहे हैं. भालू, हुलॉक गिबन को भी रसदार फल खिलाए जा रहे हैं. घड़ियाल और मगरमच्छ के भोजन को बढ़ाया गया है.
दर्शकों के लिए भी किए गए विशेष इंतजाम
पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल ने बताया कि वन्यजीवों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. SOP बनी है. हम सभी जानवरों को बढ़ती गर्मी से बचाकर रखेंगे. साथ ही जू में आने वाले दर्शकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. जू में 14 वाटर कूलर लगाया गया है. 30 जगहों पर मिट्टी के घड़े में ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है. जू के कर्मचारियों को आग से निपटने के लिए भी प्रशिक्षण दिया गया है.
ये भी पढ़ें:- सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला, पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदला














