ऑस्ट्रियन बाइक कंपनी KTM ने अपनी पॉपुलर स्ट्रीट बाइक KTM 200 Duke को अब एक नए Atlantic Blue रंग में लॉन्च कर दिया है. इस नए कलर ऑप्शन के साथ इसकी कीमत 1.94 लाख रुपये रखी गई है. कंपनी ने यह नया रंग अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पेश किया. अब यह बाइक कुल चार रंगों में उपलब्ध है, जिनमें ऑरेंज, ब्लैक, सिल्वर और नया अटलैंटिक ब्लू शामिल है.
KTM 200 Duke का डिजाइन
नई अटलैंटिक ब्लू थीम में KTM का सिग्नेचर ऑरेंज हाइलाइट कलर पहले की तरह है. फ्यूल टैंक, हेडलाइट के आस-पास और सबफ्रेम पर ऑरेंज रंग की झलक मिलती है, जबकि व्हील्स को ब्लैक फिनिश दिया गया है. टैंक एक्सटेंशन, फ्रंट मडगार्ड और कुछ अन्य हिस्सों में ब्लू कलर का इस्तेमाल किया गया है, जो इसे पहले से ज्यादा फ्रेश और आकर्षक लुक देता है.
KTM 200 Duke की कीमत और वेरिएंट
Atlantic Blue कलर की कीमत बाकी रंगों के बराबर ही रखी गई है. ऑन रोड कीमत लगभग 2.11 लाख रुपये तक पहुंच सकती है, जो शहर के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. यह बाइक फिलहाल स्टैंडर्ड वेरिएंट में ही उपलब्ध है. फीचर्स की बात करें तो इसमें डिस्क ब्रेक, सुपरमोटो ABS और मजबूत बिल्ड क्वालिटी मिलती है. हालांकि इसमें USB चार्जिंग पोर्ट नहीं दिया गया है.
KTM 200 Duke का इंजन और परफॉर्मेंस
मैकेनिकल तौर पर बाइक में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें वही 199.5cc का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलता है, जो 25 हॉर्सपावर की ताकत और 19.3Nm का टॉर्क पैदा करता है. यह इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है, जो स्मूद और तेज शिफ्टिंग का अनुभव देता है. KTM 200 Duke अपनी तेज रफ्तार, हल्के वजन और शार्प हैंडलिंग के लिए जानी जाती है. शहर की सड़कों पर हो या हाइवे पर, यह बाइक दमदार परफॉर्मेंस देती है.














