Panchayat Season 5 Release Date: पंचायत सीजन 5 को प्राइम वीडियो पर देखने के लिए तैयार हो जाइए. पिछले कुछ दिनों से बनराकस और उनकी पत्नी यानी नई प्रधान क्रांति देवी ने फैंस की नाक में दम कर रखा था कि उनकी शर्ते जब तक पूरी नहीं होंगी वह यह नहीं बताएंगे कि प्राइम वीडियो पर पंचायत 5 का नया सीजन कब आएगा. वहीं उन्होंने यहां तक कहकर फैंस की नींद उड़ा दी थी कि इस साल पंचायत सीजन 5 नहीं आएगा. लेकिन अब प्राइम वीडियो ने ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर दी है कि पंचायत सीजन 5 कब रिलीज होगा. पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 3 दिसंबर, 2026 को होगा. एक बार फिर दर्शकों को फुलेरा के जाने-पहचाने गांव और सबके चहेते सचिव जी की दुनिया में लौटने का मौका मिलेगा. इस नए सीजन में सीरीज की लोकप्रियता और दर्शकों से इसके गहरे जुड़ाव को आगे बढ़ाया जाएगा. इसमें एक बार फिर दर्शकों को इसके दिलचस्प किरदारों, गांव की आपसी उठापटक और हल्के-फुल्के हास्य, भावुक पलों और स्थानीय राजनीति का खास मेल देखने को मिलेगा.
पंचायत सीजन 5 का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है. दीपक कुमार मिश्रा इसके निर्देशक हैं, जबकि सीरीज की रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने की है. इस सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत पूरी कलाकारों की टोली एक बार फिर अपने-अपने किरदारों में नजर आएगी. पंचायत सीज़न 5 का प्रीमियर विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में होगा.
प्राइम वीडियो इंडिया के ऑफिशियल सोशल मीडिया पेज पर पंचायत सीजन 5 की रिलीज डेट का ऐलान करते हुए एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें जानकारी दी गई है कि नया सीजन 3 दिसंबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा. इस खबर से फैंस खुश हैं, जो इस बात से नाराज थे कि इस साल पंचायत सीजन 5 नहीं आएगा.
पंचायत 5 में क्या होने वाला है
पंचायत सीजन 4 के अंत में आने देखा था कि पंचायत चुनावों ने फुलेरा का माहौल बदल दिया था क्योंकि गांव की सत्ता अब क्रांति देवी और उनके पति भूषण के हाथ में आ गई है क्योंकि वह नई प्रधान और नए प्रधान पति बन गए हैं. नए सीजन में ड्रामा, राजनीतिक खींचतान और उथल-पुथल का एक नया दौर देखने को मिलेगा. फुलेरा को एक नयामुखिया मिल गया है और अब हर किसी को यह जानने की उत्सुकता है कि नए प्रधानपति बनकर बनराकस ने क्या योजनाएं बनाई हैं. सवाल यह है कि क्या वह फुलेरा की तस्वीर बदल पाएगा या उसके वादे भी सिर्फ दिखावा साबित होंगे? सत्ता में बदलाव के साथ ही फुलेरा में नई प्रतिद्वंद्विता और बदलते समीकरण भी देखने को मिलेंगे.
सचिव जी और रिंकी की शुरू होगी लव स्टोरी?
पंचायत के पांचवे सीजन में सत्ता की उठापटक के बीच एक रोमांटिक स्टोरी भी देखने को मिलेगी क्योंकि पिछले सीजन में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी और मंजू देवी की बेटी रिंकी की दोस्ती खास हो गई है. सीजन 4 में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती दिखाई दी थीं, जिसके चलते अब पंचायत के सीजन 5 में यह कहानी आगे बढ़ सकती है. वहीं इसका असर सचिव जी और पुराने प्रधान और प्रधानपति के रिश्ते पर क्या असर डालता है. यह देखना भी दिलचस्प होगा.
क्या बोले टीवीएफ वाले?
द वायरल फीवर (TVF) के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा, "पिछले कुछ साल में पंचायत हमारे लिए सिर्फ एक सीरीज तक सीमित नहीं रह गई है. फुलेरा और वहां के लोगों को दर्शकों से जो प्यार मिला है, वह बेहद शानदार रहा है. इसने हमारे इस विश्वास को और मजबूत किया है कि सादगी से कही गई कहानियां, जिनमें सच्चाई और भावनाएं हों, लोगों के दिलों पर सबसे गहरा असर छोड़ सकती हैं. इस सफर की असली पहचान यहां के कई किरदार, उनके रिश्ते और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े वे छोटे-छोटे पल हैं, जिन्होंने फुलेरा को दर्शकों के लिए इतना खास बनाया है. सीजन 5 के साथ हम इन सभी चहेते किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं. गांव में आने वाली नई चुनौतियां, बदलते रिश्ते और अप्रत्याशित मोड़ कहानी में नए रंग भरेंगे. पंचायत OTT पर पांचवें सीजन तक पहुंचने वाले भारत के केवल दो शो में से एक है. यह उपलब्धि प्राइम वीडियो के लगातार सहयोग के बिना संभव नहीं होती. हम इस साझेदारी और इस सफर को इतना खास बनाने में उनकी अहम भूमिका के लिए तहे दिल से आभारी हैं."
पंचायत 5 की कास्ट
बता दें अभिषेक त्रिपाठी (सचिव जी) के किरदार में जितेंद्र कुमार, बृज भूषण दुबे (प्रधान पति) के किरदार में रघुबीर यादव, मंजू देवी के रोल में नीना गुप्ता, विकास के रोल में चंदन रॉय, प्रहलाद चाचा के रोल में फैसल मलिक, रिंकी के रोल में संविका, भूषण (बनराकस) के रोल में दुर्गेश कुमार और क्रांति देवी के रोल में सुनीता राजवर नजर आ रही हैं. इसके अलावा शो में बिनोद का किरदार भी काफी पॉपुलर है, जिस पर काफी मीम बनते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं