'Dhindora 2' Trailer: भुवन बाम लेकर आ रहे हैं ‘ढिंढोरा 2’, ट्रेलर रिलीज, जानें किस दिन नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीम

'Dhindora 2' Trailer: भुवन बाम की सीरीज ‘ढिंढोरा 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. संजीदा शेख कविता मामी के किरदार में नजर आएंगी. जानें सीरीज की रिलीज डेट और कहानी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
'Dhindora 2' Trailer: 11 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबे टीटू मामा, ससुराल से सुलह करने पहुंचे तो बढ़ गई मुसीबत
Instagram
नई दिल्ली:

'Dhindora 2' Trailer: टीटू मामा की जिंदगी में एक मुसीबत खत्म नहीं होती कि दूसरी उनके दरवाजे पर दस्तक दे देती है. बीबी की वाइन्स (BB Ki Vines) की इसी मजेदार दुनिया को एक बार फिर दर्शकों के सामने लाने के लिए ‘ढिंढोरा सीजन 2' तैयार है. नेटफ्लिक्स ने 13 नवंबर को इस सीरीज का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. इस बार भी अभिनेता और कंटेंट क्रिएटर भुवन बाम अपने अलग-अलग किरदारों से दर्शकों को हंसाने वाले हैं. सीरीज में टीटू मामा, बबलू जी, जानकी, समीर और बंचो जैसे किरदार नजर आएंगे. वहीं, इस बार परिवार में एक नए सदस्य की एंट्री भी होने वाली है.

11 करोड़ रुपये के नुकसान के बाद टीटू मामा की बढ़ी परेशानी

‘ढिंढोरा 2' की कहानी में टीटू मामा 11 करोड़ रुपये के नुकसान से परेशान हैं. उनकी कोशिश है कि वह अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधार सकें, लेकिन उनकी यह कोशिश एक नई मुसीबत खड़ी कर देती है. अब टीटू मामा खजाने की तलाश में निकलेंगे या उनके हाथ सिर्फ परेशानियां लगेंगी, यह देखना दिलचस्प होगा. सीरीज का निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है. इसकी कहानी भुवन बाम, अब्बास दलाल, हुसैन दलाल, चेतन डांगे, गोपाल दत्त, शुभम दुबे और अनंत दुबे ने लिखी है. इसे रोहित राज और भुवन बाम ने प्रोड्यूस किया है.

संजीदा शेख की हुई एंट्री, निभाएंगी कविता मामी का किरदार

इस सीजन में दर्शकों को एक नया चेहरा भी देखने को मिलेगा. अभिनेत्री संजीदा शेख सीरीज में कविता मामी का किरदार निभा रही हैं. वह टीटू मामा की पत्नी बनी हैं. अपने किरदार के बारे में संजीदा ने कहा कि कविता ऐसी महिला हैं जो टीटू मामा के सामने अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटतीं. टीटू मामा के पास हर बात का जवाब होता है, लेकिन कविता उनकी बातों के पीछे की सच्चाई समझ जाती हैं. संजीदा ने भुवन के साथ काम करने को मजेदार अनुभव बताया.

Advertisement

ये भी पढ़ें: Student of the Year After Dark Review: जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क, जानें कैसी है शनाया कपूर की 6 एपिसोड की सीरीज

भुवन बाम बोले- इस बार पहले से ज्यादा होगा हंगामा

भुवन बाम ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार इन किरदारों को बनाया था, तब उनका मकसद ऐसे किरदार दिखाना था जो थोड़े अजीब होने के साथ-साथ आम लोगों से जुड़े हुए भी लगें. उनके मुताबिक, इस बार टीटू मामा अपने ससुराल वालों से रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके साथ शांति बने रहना आसान नहीं है. वहीं, निर्देशक स्नेहा शेट्टी कोहली ने बताया कि इस सीजन में नए किरदारों के साथ कई मजेदार एक्शन सीन और गाने भी देखने को मिलेंगे.

Advertisement

‘ढिंढोरा' एक डिजिटल सीरीज के रूप में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुई थी. अब इसका दूसरा सीजन नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रहा है. यह सीरीज 20 नवंबर 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.

Featured Video Of The Day
UP में कुल कितने वोटर और कितने हिंदू?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं