नमस्कार. पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान जारी है. राज्य की 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है और इसी बीच कई इलाकों से हिंसा और बवाल की खबरें सामने आई हैं. हालांकि हालात पूरी तरह बेकाबू नहीं हुए, लेकिन अलग‑अलग जिलों में तनावपूर्ण स्थिति देखी गई.
नदिया जिले में बीजेपी के एक पोलिंग एजेंट पर हमला हुआ, जिसमें उसका सिर फट गया. इस हमले का आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है. भांगर में टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ता आमने‑सामने आ गए, जिससे बूथ पर अफरा‑तफरी मच गई. उत्तर 24 परगना में बीजेपी उम्मीदवार के बूथ पर जाने को लेकर दोनों दलों के समर्थकों में झड़प हुई. वहीं दक्षिण 24 परगना के फाल्टा इलाके में बीजेपी उम्मीदवार की कार में तोड़फोड़ की घटना सामने आई है. हुगली जिले के एक मतदान बूथ पर फर्जी पोलिंग एजेंट को लेकर आईएसएफ और टीएमसी समर्थकों में भिड़ंत हुई. बाली इलाके में हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और कई लोगों को हिरासत में लिया गया.
इसी बीच ईवीएम पर टेप चिपकाने के आरोपों को लेकर राजनीति गरमा गई है. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान की मांग की है. मौके पर केंद्रीय बल और चुनाव आयोग के अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं. बंगाल में मतदान, हिंसा और सियासी आरोप‑प्रत्यारोप से जुड़ी हर बड़ी अपडेट के लिए वीडियो देखें.