Bhagalpur Bridge Collapse: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल टूटा! गंगा में समाया स्‍लैब

Bhagalpur Bridge Vikramshila Setu Collapse: बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. रात करीब 1:10 बजे पुल का एक पिलर ध्वस्त हो गया, जिसके चलते उस पर टिका स्लैब सीधे गंगा में गिर गया. अचानक पुल टूटने से इलाके में अफरा‑तफरी मच गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते पुलिस और प्रशासन ने पुल पर आवाजाही रोक दी थी. इसी वजह से स्लैब गिरने के दौरान कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा नुकसान टल गया. हादसे के बाद नवगछिया और भागलपुर के बीच संपर्क पूरी तरह टूट गया है. मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की. स्थानीय निवासी ऋषव मिश्रा के अनुसार, दिन में ही पुल के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आ रही थीं और देर रात इसका एक बड़ा हिस्सा नदी में समा गया. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.