उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव होना है. समाजवादी पार्टी ने अपने विधायकों की संख्या बल के हिसाब से दो उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है दोनों उम्मीदवारों का नामांकन भी हो चुका है, जबकि बीजेपी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. कल बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और उत्तराखंड के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की थी. लेकिन यूपी की सूची अभी नहीं आई है. माना जा रहा है कि बीजेपी आज अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है, क्योंकि कल नामांकन का आखिरी दिन है. एनडीटीवी को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीजेपी 8 सीटों पर उम्मीदवार उतार सकती है. उत्तर प्रदेश में इन 8 सीटों पर अगर उम्मीदवार उतरे, तो चुनाव होगा. 7 सीटें जीतने के लिए बीजेपी के पास पर्याप्त विधायक है, जबकि 8वीं सीट जीतने के लिए पार्टी की नजर क्रॉस वोटिंग पर है, तो वहीं अखिलेश यादव भी तीसरी सीट पर नजर जमाए हुए हैं. अगर ऐसी सूरत में कोई भी एक पार्टी अतिरिक्त उम्मीदवार उतारती है, तो फिर रिजल्ट वोटिंग पर ही निर्भर करेगा.