कॉकरोज जनता पार्टी के प्रदर्शन पर इस वक्त की बड़ी खबर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई से आई है. कोर्ट ने कहा है कि विरोध प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है, शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है. लेकिन प्रदर्शन कानून के दायरे में होना चाहिए, पुलिस एक्ट के अनुरूप होना चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस और राज्य सरकार से हिरासत पर विस्तृत जवाब मांगा है, जिन नेताओं, छात्रों, वकीलों को हिरासत में लिया गया था, किन परिस्थितियों में हिरासत हुई, हिरासत का तरीका क्या था, कार्रवाई का औचित्य क्या था, ये सब सरकार को बताना होगा. डिटेंशन पर मंगलवार तक विस्तृत जवाब दाखिल करने को कहा गया है. करीब 1 घंटे से ज्यादा लंबी सुनवाई हुई. याचिकाकर्ताओं ने सीधे आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किया, अवमानना की, लोगों को हिरासत में ले लिया, इंटरनेट बंद कर दिया, मेट्रो ट्रेन बंद कर दी.