TMC ऑफिस में पूर्व विधायक आशीष बनर्जी की मौत, उठ रहे कई सवाल!

  • 4:34
  • प्रकाशित: अगस्त 16, 2026

पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट से पांच बार तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक और राज्य विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर रहे आशीष बनर्जी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. उनका शव रामपुरहाट स्थित टीएमसी कार्यालय में फंदे से लटका हुआ पाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटनास्थल से पुलिस को आशीष बनर्जी की जेब से एक सुसाइड नोट  बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक प्रताड़ना और राजनीति में आने के पछतावे का जिक्र किया है. पत्र के अनुसार, वे 'तारापीठ रामपुरहाट विकास प्राधिकरण' में हुए कथित वित्तीय घोटाले के आरोपों और जांच के दायरे में घसीटे जाने के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव में थे. सुसाइड नोट में उन्होंने स्पष्ट लिखा है कि विकास प्राधिकरण में उनके पास कोई वास्तविक अधिकार नहीं थे. वे न तो टेंडर कमेटी का हिस्सा थे, न ही उनके पास चेक पर हस्ताक्षर करने या किसी योजना को मंजूरी देने का अधिकार था. उन्हें केवल बदनाम करने और नीचा दिखाने के उद्देश्य से इस विवाद में घसीटा गया.