पेड़ पर आराम फरमाता दिखा गुलदार, कॉर्बेट से सामने आया दुर्लभ VIDEO

  • 1:08
  • प्रकाशित: जनवरी 20, 2026

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के गर्जिया पर्यटन जोन से एक रोमांचक और दुर्लभ वीडियो सामने आया है, जिसमें एक गुलदार पेड़ की ऊंची डाल पर आराम फरमाता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो प्रसिद्ध वन्यजीव प्रेमी एवं फोटोग्राफर संजय छिम्वाल द्वारा शूट किया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

संजय छिम्वाल ने वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुलदार (लेपर्ड) को वन्यजीव जगत की सबसे एडेप्टिबल स्पीशीज माना जाता है। यह ऐसा शिकारी जीव है, जो बाघ और शेर जैसे बड़े और ताकतवर जानवरों के साथ भी एक ही जंगल में अपना अस्तित्व बनाए रखने की क्षमता रखता है।
 

इसकी सबसे बड़ी वजह गुलदार का पेड़ों पर चढ़ने का स्वभाव है, जो उसे अन्य बड़े शिकारी जीवों से अलग बनाता है। उन्होंने बताया कि गुलदार का शरीर आकार में अपेक्षाकृत छोटा होता है, जिसके कारण वह बाघ या शेर से सीधे संघर्ष नहीं कर सकता।
 

लेकिन मांसाहारी होने के कारण उसने खुद को इस तरह ढाल लिया है कि वह पेड़ों का सहारा लेकर न सिर्फ खुद को सुरक्षित रखता है, बल्कि अपने शिकार को भी पेड़ पर ले जाकर खाता है। यही वजह है कि गुलदार अक्सर पेड़ों पर आराम करते या शिकार छिपाते हुए दिखाई देता है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, विशेष रूप से गर्जिया पर्यटन जोन, गुलदारों की अच्छी आबादी के लिए जाना जाता है। यहां दिन के समय गुलदार पेड़ों पर चढ़कर घंटों आराम करते हैं और जैसे ही शिकार का समय आता है, वे पेड़ों से उतरकर नीचे आते हैं और अपने शिकार की तलाश में निकल पड़ते हैं।

वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के दृश्य यह दर्शाते हैं कि कॉर्बेट का जंगल जैव विविधता से भरपूर है और यहां का प्राकृतिक संतुलन बेहतर स्थिति में है। यह वीडियो न केवल वन्यजीव प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि पर्यटकों के लिए भी जंगल की समृद्ध वन्यजीव दुनिया को करीब से देखने का एक यादगार अनुभव है।